कमलनाथ सरकार ने जनता के साथ छल करने का काम किया : शिवराज सिंह चौहान

 

रायसेन भाजपा कार्यालय का किया लोकार्पण

खबर नेशन /Khabar Nation

रायसेन। नवनिर्मित जिला कार्यालय केवल कार्यालयीन कार्य के लिए शुभ नहीं होगा बल्कि जिले के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ क्षेत्र की जनता के हितों की लड़ाई लड़ने के लिए शुभ होगा। कमलनाथ सरकार के वादा खिलाफी को लेकर जनता की हक की लड़ाई यहीं से लड़ी जाएगी। कांग्रेस सरकार ने जनता के साथ छल करने का काम किया है। यह बात बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रायसेन जिले का नवनिर्मित भारतीय जनता पार्टी, कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में कही।    
कमलनाथ सरकार अजब सरकार है
उन्होंने कहा कि कर्जमाफी के नाम पर प्रदेश सरकार किसानों को छल करने का काम कर रही है। गरीबों को संबल योजना में 200 रुपये प्रतिमाह में बिजली मिलती थी कांग्रेस ने बिजली का बिल हाफ करने का वादा किया था, लेकिन अब हजारों के बिल आ रहे हैं। किसानों और गरीबों को सस्ती बिजली नहीं मिली, तो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। कमलनाथ सरकार अजब सरकार है। कांग्रेस ने हर पंचायत में गौशाला खोलने का वादा किया था, वह तो पूरा किया नहीं। अब दिग्विजय सिंह सड़क पर बैठी गायों की फोटो ट्वीट कर दबाव बनाते हैं और अपना काम निकाल लेते हैं। कांग्रेस को गौ माता से प्रेम नहीं है। यह तो इनके लिए वोट का साधन हैं।
कांग्रेस सरकार ने हमारी सारी योजनाएं बंद कर दीं
श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार ने गरीबों को 1 रूपए किलो गेहूं, चावल और नमक दिया। बच्चियों को साइकिलें दी। गरीब बच्चों को सही शिक्षा मिले, इसलिए हमने छात्रावास खोले, स्कॉलरशिप दी, किताबें दी, स्मार्टफोन, लेपटॉप दिए। 10 महीनों में कमलनाथ सरकार ने प्रदेश की सारी जनहितैषी योजनाएं बंद कर दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कमलनाथ से सवाल किया कि इन गरीब बच्चों ने तुम्हारा क्या बिगाड़ा था? भोले-भाले, मासूम बच्चों को शिक्षा से वंचित कर दिया, सारी योजनाएं बंद कर दीं। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को मुआवजा दिया। जब भाजपा की सरकार थी, तो सुबह अधिकारियों के साथ खेत में पहुंचकर जांचकर मुआवजा दिया जाता था।
श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की सेवा करने वाले भाजपा के कार्यकर्ता मध्यप्रदेश में फिर से भाजपा को जिताकर सरकार बनवायेंगे। आने वाले समय में कमलनाथ सरकार की पाप की लंका जलकर राख हो जायेगी और मध्यप्रदेश में फिर से रामराज्य आ जायेगा। लोकार्पण कार्यक्रम में सांसद श्री रमाकांत भार्गव, पूर्व मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, पूर्व मंत्री श्री रामपाल सिंह, संभाग के संगठन मंत्री श्री आशुतोष तिवारी, विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह चौहान, युवा नेता श्री मुदित शेजवार, श्री शिवाजी पटेल, जिला महामंत्री श्री राकेश तोमर व जिले के भाजपा पदाधिकारी तथा अनेक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

Share:


Related Articles


Leave a Comment