भोपाल में एनडीआरएफ का आपदा सुरक्षा डेमो: शीतलदास की बगिया में लोगों को सिखाए बाढ़ से बचाव के तरीके
एनडीआरएफ ने लाइव डेमो के जरिए आपदा के समय सुरक्षित रहने, लाइफ जैकेट के सही उपयोग और घरेलू सामान से फ्लोटेशन डिवाइस बनाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में भोपाल पुलिस के "नशे से दूरी" अभियान का संदेश भी दिया गया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के शीतलदास की बगिया में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) द्वारा आपदा प्रबंधन एवं बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ की टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से लोगों को आपदा के दौरान सुरक्षित रहने और बचाव के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
बाढ़ के दौरान बचाव के बताए तरीके
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बाढ़ जैसी आपात स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। लोगों को लाइफ जैकेट का सही तरीके से उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि जरूरत पड़ने पर घर में उपलब्ध सामान की मदद से अस्थायी फ्लोटेशन डिवाइस कैसे तैयार की जा सकती है।
आपदा के समय सतर्क रहने की अपील
एनडीआरएफ की टीम ने बताया कि किसी भी प्राकृतिक आपदा के दौरान घबराने के बजाय सतर्कता और सही जानकारी सबसे बड़ा बचाव है। टीम ने लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले जरूरी सुरक्षा उपायों की भी जानकारी दी।
'नशे से दूरी' अभियान का भी दिया संदेश
कार्यक्रम में नगर सुरक्षा समिति, श्यामला हिल्स की टीम ने भी भाग लिया। इस दौरान भोपाल पुलिस के "नशे से दूरी" अभियान के तहत लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गोताखोर शेख आसिफ और अकबर खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा थाना श्यामला हिल्स का पुलिस स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहा और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
भोपाल में एनडीआरएफ का आपदा सुरक्षा डेमो: शीतलदास की बगिया में लोगों को सिखाए बाढ़ से बचाव के तरीके