सचमुच.... आदिवासी मुंह चलाना नहीं सीख पाया
खबर नेशन / Khabar Nation
कल एक कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ विवादास्पद बयान दे गये। आदिवासी विकास परिषद के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आदिवासी वर्ग आजादी के बाद साईकिल चलाना सीख गया, मोटरसाइकिल भी चलाना सीख गया,लेकिन मुंह चलाना नहीं सीखा । इस दौरान मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हंसते हुए कांग्रेस विधायक पांचीलाल मीणा को हंसते हुए ताना भी मारा , क्यों पांचीलाल जी ।
गौरतलब है कि पांचीलाल मीणा मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। कमलनाथ का यह तंज और वह भी चुनाव के समय राजनीतिक हलकों में अचरज भरा माना जा रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व धार जिले के शराब व्यवसायी और विधायक पांचीलाल मेंढ़ा के बीच अवैध वसूली को लेकर मारपीट की घटना की शिकायत की गई है। जिसके बाद कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस्तीफा भेजकर इसे मीडिया में जारी कर दिया। बाद में मेंढ़ा की कुछ शर्तों के साथ मान-मनौव्वल की गई।
मुख्यमंत्री कांग्रेस विधायक के इस रवैए से खासे नाराज बताए जा रहे हैं । विधायक पर लगाए गए आरोप सामान्य नहीं माने जा सकते , लेकिन एक विधायक के रवैए पर पूरे आदिवासी समाज पर मुख्यमंत्री कमलनाथ का ताना सामान्य नहीं माना जा सकता है।
यह इसलिए भी कि इन्ही आदिवासियों की बदौलत कमलनाथ लंबे समय तक छिंदवाड़ा से सांसद चुने जाते रहे हैं और आज मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हैं । मध्यप्रदेश की राजनीति में वह चाहे भारतीय जनता पार्टी हो या कांग्रेस आदिवासी वोट बैंक के सहारे अपनी राजनीति चमकाती आई है । संभावना है कि भाजपा आने वाले दिनों में कमलनाथ के इस बयान को बड़ा मुद्दा बना सकती है।