घर-घर जाकर सीएए की सच्चाई बताएंगे भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी

 

प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह भोपाल में, केंद्रीय मंत्री तोमर मुरैना में करेंगे जनसंपर्क

खबर नेशन / Khabar Nation 
भोपाल।
नागरिकता संशोधन कानून के संबंध में कांग्रेस सहित विरोधी दलों द्वारा किये जा रहे दुष्प्रचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी का जन जागरण अभियान 5 जनवरी, रविवार से पूरे प्रदेश में शुरू हो रहा है। यह अभियान 15 जनवरी तक चलेगा और इस दौरान पार्टी के नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह प्रातः 11 बजे अरेरा काॅलोनी में घर-घर जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर मुरैना में घर-घर जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे।
नागरिकता संशोधन कानून के बारे में कांग्रेस एवं अन्य विरोधी दलों द्वारा लगातार भ्रम फैलाया जा रहा है और लोगों को इसके विरोध में भड़काया जा रहा है। कानून का विरोध कर रहे दलों और नेताओं द्वारा पैदा की गई भ्रांतियों को समाप्त करने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा 5 जनवरी से देशव्यापी जन जागरण अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी, सभी जन प्रतिनिधि अपने-अपने बूथ के 25 परिवारों से संपर्क करेंगे। ये कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि परिवार के मुखिया से संपर्क करके उन्हें यह समझाएंगे यह कानून देश के किसी नागरिक के खिलाफ नहीं है। यह कानून पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के उन दलितों, अनुसूचित जनजाति के लोगों, अन्य हिंदुओं, सिखों, जैन, पारसियों, बौद्धों जैसे अल्पसंख्यकों के लिये है, जिन पर अमानवीय अत्याचार किये गए, बहन-बेटियों को अगवा करके उनसे बलात्कार किये गए, जबरन निकाह कराए गए, धर्मांतरण के लिये दबाव डाला गया और ना मानने पर उनकी हत्याएं तक की गईं। नागरिकता संशोधन कानून में इन्हीं पीड़ित और प्रताड़ित लोगों को नागरिकता देने का प्रावधान है, जिनके लिए भारत ही एक मात्र सहारा है।
ज्ञापन पर लेंगे हस्ताक्षर, कराएंगे मिस कॉल
जनजागरण अभियान के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जन प्रतिनिधि जिन परिवारों में जाएंगे, वे परिवार के मुखिया का नाम और फोन नंबर दर्ज करेंगे। वे परिवार के मुखिया से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को नागरिकता संशोधन कानून बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापन पर हस्ताक्षर कराएंगे। इसके अलावा वे मुखिया से पार्टी के टोल फ्री नंबर 88662-88662 पर नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में मिस कॉल भी कराएंगे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment