हिंदू विरोधियों का क्लब बनकर रह गई है कांग्रेसः रामेश्वर शर्मा
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। देश का हर नागरिक जानता है कि तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति के चलते कांग्रेस शुरू से ही देश के बहुसंख्यक समुदाय की विरोधी रही है। पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहनसिंह जी तक कांग्रेस की सरकारें बहुसंख्यकों की विरोधी रही हैं और उन्होंने बहुसंख्यक विरोधी निर्णय ही लिये हैं। कांग्रेस की स्थापना भी एक अंग्रेज ने ही की थी और अब तो कांग्रेस हिंदू विरोधियों का एक क्लब बनकर रह गई है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस सेवा दल के प्रशिक्षण शिविर में उन पुस्तकों को बांटे जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही, जिनमें वीर सावरकर के बारे में भ्रामक जानकारियां दी गई हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस लगातार वीर सावरकर की छवि को बिगाड़ने का प्रयास करती रही है और अब उसने उन्हें मुस्लिम विरोधी बताकर नया पैंतरा खेला है। कांग्रेस को देश की जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि अगर वीर सावरकर मुस्लिम विरोधी थे, तो क्या कांग्रेस मुस्लिम भक्त है? श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ इतिहास से खिलवाड़ ही नहीं करती रही है, बल्कि उसने देश का सही इतिहास बनने ही नहीं दिया। वीर सावरकर तो कुछ दशक पहले ही हुए थे, लेकिन कांग्रेस ने तो गुरु गोविंदसिंह, महाराणा प्रताप और वीर शिवाजी जैसे इतिहास पुरुषों के साथ भी अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जहां अकबर को महान बताकर महाराणा प्रताप की राष्ट्रभक्ति और वीरता पर पर्दा डालने का काम किया है, वहीं औरंगजेब को इतिहास में जगह देकर वीर शिवाजी को पीछे धकेलने का काम किया है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सच्चाई और उसके कुत्सित इरादे देश की जनता से छिपे नहीं है और जब भी अवसर मिला है, देश की जनता कांग्रेस को इसका अहसास कराने से चूकी नहीं है।