17 दिन की दुल्हन लाखों लेकर फरार, 3 लाख लेकर कराई थी शादी
मध्यप्रदेश के नीमच जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जावद थाना क्षेत्र के तारापुर गांव में एक कथित लुटेरी दुल्हन शादी के महज 17 दिन बाद लाखों रुपए के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि पूरा मामला एक सुनियोजित गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया, जिसने पहले शादी कराने के नाम पर तीन लाख रुपए लिए और बाद में दुल्हन घर से कीमती सामान समेटकर फरार हो गई।
18 मई को हुई थी शादी
मामला जावद थाना क्षेत्र के तारापुर गांव का है। पीड़ित ओमकारलाल माली के अनुसार 15 मई को कुछ लोग उसके पास शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचे थे। आरोपियों ने राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती से शादी कराने का भरोसा दिलाया और इसके बदले तीन लाख रुपए की मांग की। परिवार की सहमति के बाद ओमकारलाल ने आरोपियों को रकम सौंप दी, जिसके बाद 18 मई को दोनों की शादी कराई गई।
4 जून को हुई फरार
शादी के बाद युवती कुछ दिनों तक ससुराल में रही, लेकिन वह लगातार अपने कथित भाइयों और परिचितों के संपर्क में बनी रही। पीड़ित का आरोप है कि 4 जून की रात एक फोन कॉल आने के बाद युवती घर से बाहर निकली, जहां पहले से एक कार उसका इंतजार कर रही थी। इसके बाद वह सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर मौके से फरार हो गई।
सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए
पीड़ित के मुताबिक दुल्हन अपने साथ सोने का टीका, मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, करीब 550 ग्राम चांदी के आभूषण, एक सोने की अंगूठी और 37 हजार रुपए नकद लेकर भागी है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपए बताई जा रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथ शादी के नाम पर पहले तीन लाख रुपए की ठगी की गई और फिर घर से जेवरात व नकदी भी पार कर दी गई।