दो अज्ञात हमलावरों ने कपड़ा व्यापारी पर किया हमला, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में सोमवार सुबह एक कपड़ा व्यापारी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। वारदात के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घायल व्यापारी को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
घटना दुकान के बाहर हुई
जानकारी के अनुसार, घटना पुराने सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय के पास बी वार्ड क्षेत्र की है। रेनू श्री टैक्सटाइल्स और लक्ष्मी टैक्सटाइल्स के संचालक नीरज जनियानी सोमवार सुबह अपने पिता भगवानदास जनियानी के साथ दुकान खोलने के बाद एक्टिवा पर दुकान के बाहर बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो गए।
घायल व्यापारी का अस्पताल में इलाज जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल नीरज जनियानी को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए।
सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर
घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दोनों संदिग्ध हमलावर कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
व्यापारियों में बढ़ी सुरक्षा की चिंता
इस घटना के बाद बैरागढ़ के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण बाजारों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से व्यापारिक क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं
गौरतलब है कि दो दिन पहले गांधी नगर क्षेत्र में कपड़े और मोबाइल की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात भी सामने आई थी। अब दिनदहाड़े व्यापारी पर हुए हमले ने राजधानी के व्यापारिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
दो अज्ञात हमलावरों ने कपड़ा व्यापारी पर किया हमला, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी