धार: सरदारपुर बस स्टैंड पर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
धार। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत धार जिले के सरदारपुर में रविवार को जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना सरदारपुर पुलिस और शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, सरदारपुर के संयुक्त समन्वय से बस स्टैंड परिसर में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना रहा।
नुक्कड़ नाटक और कविताओं के माध्यम से दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुलिस प्रशासन के निर्देशन एवं उच्च माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती प्रतिमा सिंह के मार्गदर्शन में नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादायक कविताएं और जागरूकता स्लोगन प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया और लोगों को स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
आमजन से की गई नशामुक्त समाज बनाने की अपील
कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग दें। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इन विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में निकिता चौहान, नेहा डोडियार, प्रतिज्ञा डोडियार, देविका मारू, रोशनी बगड़ावत, निलेश वैष्णव, चिराग राठौर और अश्विन बगड़ावत सहित छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को जागरूक किया।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
थाना सरदारपुर पुलिस ने बताया कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
धार: सरदारपुर बस स्टैंड पर नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश