सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, किचन में मिले कॉकरोच और चूहों की लीद
इंदौर। शहर के मशहूर सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आई हैं। गुरुवार को विभाग की टीम ने होटल के किचन, कोल्ड स्टोरेज और ड्राई स्टोरेज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 66 किलो बिना पैकिंग का नॉनवेज खाद्य पदार्थ मिला।
एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा था वेज और नॉनवेज
जांच में सामने आया कि होटल के कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी। सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग-अलग स्टोरेज की व्यवस्था भी नहीं मिली।
फंगस लगी मूंगफली और सड़े टमाटर-आलू मिले
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को स्टोरेज में फंगस लगी मूंगफली के साथ सड़े हुए टमाटर और आलू भी मिले। इसके अलावा पैक्ड कुल्फी पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर जैसी जरूरी जानकारियां दर्ज नहीं थीं।
किचन में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली
निरीक्षण के दौरान किचन में कॉकरोच और चूहों की लीद मिलने से साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। ड्राई स्टोरेज की दीवारों और फर्श में दरारें भी मिलीं। वहीं गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई।
पनीर और नॉनवेज समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, किचन में मिले कॉकरोच और चूहों की लीद