शाहगंज में प्रतिभाओं का सम्मान, शिवराज सिंह चौहान ने 30 मेधावी विद्यार्थियों को बांटे लैपटॉप
भोपाल/शाहगंज। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को बुधनी विधानसभा क्षेत्र के शाहगंज पहुंचे। यहां प्रेम-सुंदर फाउंडेशन की ओर से आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में उन्होंने 10वीं के टॉपर्स और 12वीं में सभी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 30 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया।
सम्मानित विद्यार्थियों में एमपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों की सफलता पूरे क्षेत्र का गौरव
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती, बल्कि यह पूरे परिवार, समाज और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा है और जरूरत उन्हें सही अवसर और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान दूसरे बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। आत्मविश्वास, मेहनत और निरंतर प्रयास के जरिए हर बच्चा अपनी मंजिल हासिल कर सकता है।
मामा मतलब मां का आंचल और पिता का कंधा
विद्यार्थियों से संवाद के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे समारोह में केंद्रीय मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि बच्चों के मामा के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि मामा उनके लिए केवल एक संबोधन नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति जिम्मेदारी, स्नेह और हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का भाव है। उन्होंने कहा कि बच्चों की जिंदगी बेहतर बनाने की कोशिश को ही वे अपने जीवन की धन्यता मानते हैं।
AI, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे विषय तेजी से भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। उनकी कोशिश है कि इन आधुनिक विषयों की पढ़ाई क्षेत्र में ही शुरू हो, ताकि बच्चों को इसके लिए बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने बुधनी में बनकर तैयार मेडिकल कॉलेज का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि करीब 750 बिस्तरों की क्षमता वाले मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज की सुविधा भी विकसित की गई है। संस्थान को जल्द शुरू करने के लिए शिक्षकों, प्रोफेसरों की भर्ती और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
कॉलेज जाने वाली छात्राओं के लिए शुरू होगी हेल्प डेस्क
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 12वीं के बाद बच्चों के सामने करियर और कॉलेज चयन को लेकर कई सवाल होते हैं। इसके लिए क्षेत्र में करियर काउंसलिंग की व्यवस्था शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सरकारी स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी कर पहली बार कॉलेज के प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाली छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति हेल्प डेस्क शुरू करने की घोषणा की। हेल्प डेस्क पर कंप्यूटर और लैपटॉप की सुविधा होगी, जहां विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के आवेदन भरने में मदद दी जाएगी।
पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी
शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस वर्ष भी खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य तय कर रोडमैप बनाने और पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप मिलने पर बधाई देते हुए इसका उपयोग पढ़ाई के लिए करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर साल प्रेम-सुंदर फाउंडेशन की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
शाहगंज में प्रतिभाओं का सम्मान, शिवराज सिंह चौहान ने 30 मेधावी विद्यार्थियों को बांटे लैपटॉप