ABVP के प्रदर्शन पर उमंग सिंघार का BJP सरकार पर हमला, बोले- युवाओं और शिक्षकों की अब याद आ रही

भोपाल। DPI कार्यालय में गुरुवार देर शाम ABVP कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को अब युवाओं और शिक्षकों की याद आ रही है।

उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी सरकार में 70 हजार से ज्यादा शिक्षक सड़कों पर हैं। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों के कंप्यूटर ऑपरेटर भी सड़कों पर हैं और 13 प्रतिशत पद होल्ड पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो तत्काल आदेश जारी कर इन समस्याओं का समाधान कर सकती है।

 शक्कर के बढ़ते दामों पर भी सरकार को घेरा

शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी सरकार की नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।

सिंघार ने एथेनॉल नीति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने डॉलर बचाने के लिए देश में एथेनॉल बनाने की बात कही थी। उनके मुताबिक, एथेनॉल का उत्पादन शुरू होने के बाद युवाओं की गाड़ियां खराब होने लगीं।

त्योहारों पर महंगी हो सकती है मिठाई

उमंग सिंघार ने कहा कि करीब 10 साल बाद अब देश को शक्कर बाहर से आयात करनी पड़ रही है। उन्होंने आशंका जताई कि रक्षाबंधन और दिवाली जैसे त्योहारों पर शक्कर महंगी होने से मिठाइयों के दाम भी बढ़ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ने की स्थिति में आम लोगों के लिए त्योहारों पर मिठाई खरीदना मुश्किल हो जाएगा और लोग त्योहारों पर मुंह मीठा तक नहीं कर पाएंगे।
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment