महाकाल मंदिर में अचानक लगी आग, धनुष द्वार के पास मची अफरा-तफरी
उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में सोमवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मंदिर परिसर के धनुष द्वार के पास सूखी घास और कचरे में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में तेज रूप ले लिया। धुआं उठता देख श्रद्धालुओं में डर फैल गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
हालांकि राहत की बात यह रही कि मंदिर में तैनात सुरक्षा गार्डों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
धनुष द्वार के पास लगी आग
जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:40 बजे धनुष द्वार के पास बाउंड्री क्षेत्र में सूखी घास और कचरे में अचानक आग लग गई। शुरुआत में हल्का धुआं दिखाई दिया, लेकिन देखते ही देखते आग फैलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें देखकर श्रद्धालु घबरा गए। उस समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
गार्डों की सूझबूझ से टला हादसा
मंदिर में मौजूद सुरक्षा गार्डों ने तुरंत अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल की टीम पहुंचने तक गार्ड आग को काफी हद तक नियंत्रित कर चुके थे। अगर समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो हादसा बड़ा हो सकता था।
श्रद्धालुओं में दिखा डर
आग लगने के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में डर का माहौल बन गया। धुएं की वजह से कुछ लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई। हालांकि प्रशासन और मंदिर कर्मचारियों ने लोगों को शांत रहने की अपील की। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।