दमोह में सड़क किनारे दिखा टाइगर, राहगीरों ने बनाया VIDEO; सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग अलर्ट

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक बार फिर टाइगर की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। हटा ब्लॉक के रजपुरा गांव के पास देर रात सड़क किनारे एक टाइगर दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने सुरक्षित दूरी से उसका वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

टाइगर को देखकर रुके राहगीर

जानकारी के अनुसार, देर रात रजपुरा गांव के पास सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर अचानक सड़क किनारे बैठे एक टाइगर पर पड़ी। कुछ देर तक टाइगर वहीं मौजूद रहा। इस दौरान राहगीरों ने वाहन से उतरने की बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए उसका वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद टाइगर जंगल की ओर चला गया।

वीडियो वायरल, वन विभाग मौके पर पहुंचा

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी विकास सेठ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। सर्चिंग के दौरान टीम को टाइगर के फुटमार्क और अन्य महत्वपूर्ण संकेत मिले, जिससे इलाके में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।

कैमरों से होगी निगरानी

वन विभाग ने बताया कि टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही गश्त भी बढ़ाई जाएगी, ताकि उसकी मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ग्रामीणों और राहगीरों को दी गई चेतावनी

वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों और राहगीरों से अपील की है कि वे रात के समय जंगल या सुनसान क्षेत्रों में अकेले न जाएं। यदि कहीं टाइगर दिखाई दे या उसकी गतिविधि नजर आए तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और सावधानी बरतने की भी अपील की है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment