मेरी सांस अगर चलेगी, तो किसानों के लिए: मुख्यमंत्री
किसान सम्मान यात्रा प्रारंभ
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरा संकल्प हैं कि खेती लाभ का धंधा बने, लेकिन विपक्ष के लोग लगातार जनता का बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि मेरी सांस अगर चलेगी तो किसानों के लिए, मैं जीऊंगा तो प्रदेश की जनता के लिए और मरूंगा तो भी प्रदेश की जनता के लिए। मध्यप्रदेश सरकार दिन-रात किसानों के लिए काम कर रही हैं, किसानों की जिंदगी सवरेगी तो मेरा सीएम बनना सार्थक हो जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री ने मुरैना में किसान सम्मान यात्रा के दौरान विशाल किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। मथुरा के बलदाऊ मंदिर से पूजन-अर्चन के साथ प्रारंभ किसान सम्मान यात्रा की अगवानी मुरैना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के साथ हमेशा खड़ी हैं। एक समय था जब किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था। भाजपा सरकार ने 18 प्रतिशत को घटाकर 0 प्रतिशत किया, बिना ब्याज के ऋण देने का काम हमारी सरकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 2003 के पहले किसानों को खेती के लिए बिजली नहीं मिलती थी। आज किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही हैं, खेतों तक पानी पहुंच रहा हैं। चंबल के बीहड़ों में चंबल एक्सप्रेस वे की सौगात देने का काम भाजपा सरकार ने किया हैं। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश का किसान मेहनतकश हैं, दिन-रात एक कर खेतों में पसीना बहाकर मध्यप्रदेश को देश और दुनिया में नंबर वन बनाने का काम प्रदेश के किसानों ने किया हैं। एक समय प्रदेश में साढ़े सात लाख हेक्टर सिंचाई होती थी। भाजपा सरकार ने इसे 40 लाख हेक्टर तक पहुंचाया और 2025 तक प्रदेश के 80 लाख हेक्टर जमीन को सिंचित करने का काम हम करेंगे।
चौहान ने कहा कि जय जवान, जय किसान हमारा नारा हैं। किसानों की बेहतरी के साथ हमने प्रदेश के शहीद जवानों की चिंता की हैं। भगवान न करे कभी मातृभूमि की सेवा में लगे जवान अगर शहीद हो जाते हैं, तो उनके परिजनों को 1 करोड़ रू. की राशि देने का निर्णय मध्यप्रदेश सरकार ने किया हैं। किसानों के बच्चे उच्च संस्थानों में पढ़े इसके लिए जिन किसानों के पास ढाई एकड़ जमीन हैं, उनके बच्चों की पहली से पीएचडी तक की फीस भाजपा सरकार भरेगी। उन्होंने कहा कि हमने हर वर्ग के हितों की चिंता की हैं, मजदूर, किसान, महिला सबके लिए योजनाओं का क्रियान्वयन किया हैं। उन्होंने उपस्थित किसानों का संकल्प दिलाते हुए कहा कि प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने के लिए आप सबका साथ चाहिए। सब मिलकर साथ चलेंगे तो मध्यप्रदेश और प्रगति करेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उन्नतशील किसानों का स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भर के किसानों के सम्मान के लिए, उनकी जिंदगी में खुशियों के रंग भरने के लिए जो काम किये हैं आज तक हिन्दुस्तान के किसी भी राज्य के किसी भी मुख्यमंत्री ने नहीं किए।
प्रदेश के किसानों के लिए 0 प्रतिशत ब्याज से लेकर, साढ़े 17 लाख डिफाल्टर किसानों का ब्याज माफ कर उनको बड़ी राहत दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो किया हैं, यह बात हर किसान तक पहुंची हैं। यही मर्म लेकर जन-जन के बीच किसान सम्मान यात्रा किसान मोर्चा के माध्यम से 230 विधानसभाओं में चैपाल तक पहुंचेगी और केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के निर्णयों सेे जन-जन को अवगत कराऐगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सूखी धरती की प्यास बुझाने का काम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया हैं। एक राज्य को लगातार पांच बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिलना देश के इतिहास में मध्यप्रदेश की बहुत बड़ी उपलब्धी हैं और इसका श्रेय प्रदेश के किसानों की मेहनत और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व को जाता हैं।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसान मोर्चा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि मथुरा के भगवान बलराम की जन्मभूमि से प्रारंभ हुई इस यात्रा का चंबल की धरती पर पहला पड़ाव हैं। हृदय की गहराईयों से स्वागत और अभिनंदन करता हॅू। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक कृषि प्रधान मुख्यमंत्री हैं। प्रदेश के साथ मुख्यमंत्री भी खेती को बेहतरी से समझते हैं तो उस राज्य की प्रगति को कोई भी नहीं रोक सकता और इसी का परिणाम हैं कि प्रदेश के किसानों ने अथक परिश्रम किया और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों का संबल बढ़ाते हुए उनके हित में लगातार एक से बढ़कर एक निर्णय लिये। तोमर ने कहा कि जो मध्यप्रदेश 2003 के पहले खेती किसानी की गिनती में नहीं आया करता था। जब भी उन्नत खेती की बात होती थी तो हरियाणा और पंजाब का नाम लिया जाता था, लेकिन बीते 14 वर्षों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व और प्रदेश के किसानों के परिश्रम के फलस्वरूप आज मध्यप्रदेश खेती के मामले में नंबर वन राज्य बना हैं, इसके लिए प्रदेश के सभी किसान भाई बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक देश के हर किसान की आय दोगुना करने की मंशा व्यक्त की हैं। इस दिशा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों की आय दुगनी करने का रोडमैप बना लिया हैं। किसान सम्मान यात्रा के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जायेंगे। किसान की आमदनी दोगुना कैसे हो? और हमारे देश और प्रदेश की कृषि विकास दर और कैसे आगे बढ़े यह सुनिश्चित करने का काम किसान सम्मान यात्रा करेगी। तोमर ने मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को हर किसान तक पहुंचाने का काम यात्रा के माध्यम से करें।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने स्वागत भाषण देते हुए यात्रा की रूपरेखा प्रस्तुत की। पूर्व में अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश महामंत्री, सांसद एवं यात्रा प्रभारी अजय प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, सांसद भागीरथ प्रसाद, वरिष्ठ मंत्री रूस्तम सिंह, लालसिंह आर्य, माया सिंह सहित ग्वालियर-चंबल अंचल के विधायक, जनप्रतिनिधिगण, जिलाध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी एवं मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। (खबरनेशन / Khabarnation)