भोपाल के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस का ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ अभियान शुरू

भोपाल। युवा कांग्रेस ने शहर के स्थानीय और बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ की शुरुआत की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी ने बताया कि अभियान के तहत भोपाल शहर को भी शामिल किया गया है। युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को चिन्हित करेंगे और उन्हें जनता व प्रशासन के सामने उठाएंगे।

 वार्ड स्तर की समस्याओं पर रहेगा फोकस

कुणाल चौधरी के मुताबिक अभियान के तहत भोपाल के मूलभूत मुद्दों, वार्ड स्तर की समस्याओं, मास्टर प्लान और स्मार्ट सिटी से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। युवा कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता से संवाद करेगी और प्रशासन से समस्याओं के समाधान की मांग करेगी।

 किसानों की स्थिति को लेकर सरकार पर हमला

कुणाल चौधरी ने प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में किसान परेशान हैं, जबकि सरकार उत्सव और तमाशों में व्यस्त है।

उन्होंने दावा किया कि भीषण गर्मी के बीच किसानों को मंडियों में अपनी उपज बेचने के लिए 5 से 7 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। मूंग किसानों को फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जबकि मक्का किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP से काफी कम कीमत मिलने का आरोप लगाया गया है।

 केले की खेती करने वाले किसानों की समस्याएं भी उठाईं

कांग्रेस नेता ने केले की खेती करने वाले किसानों की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केले की खेती करने वाले किसान भी आर्थिक और बाजार से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ अभियान के जरिए स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ किसानों और आम जनता से जुड़े सवालों को भी मजबूती से उठाया जाएगा।
 

Share:

Next

भोपाल के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस का ‘मेरा शहर, मेरा भाव’ अभियान शुरू


Related Articles


Leave a Comment