अनुसूचित जाति और भाजपा के बीच विश्वास के मजबूत संबंध

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी भगवतशरण माथुर ने कहा कि विश्वास और आत्मविश्वास दो बड़ी चीजें हैं। भारतीय जनता पार्टी संगठन एवं सरकारों ने जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए लगातार काम किया और उसी काम के आधार पर इस वर्ग ने भाजपा पर विश्वास व्यक्त किया। इस वर्ग के विश्वास के आधार पर हम आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखें जिससे हमें सफलता मिलेगी। यह बात माथुर ने अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

माथुर ने कहा कि एक समय था जब भाजपा से जाति एवं जनजाति वर्ग जुड़ा नहीं था। अटल, आडवाणी जैसे नेताओं ने इस वर्ग में आत्मविश्वास पैदा किया और लोग जुड़ते चले। आज बड़ी संख्या में यह वर्ग भाजपा के साथ खड़ा है।

प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लालसिंह आर्य ने कहा कि केन्द्र सरकार ने अजा एक्ट के साथ कोई खिलवाड़ नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर केन्द्र सरकार ने पुनर्विचार याचिका दायर की है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के साथ भारतीय जनता पार्टी हमेशा खडी है। उन्होंने विगत दिवस हुई घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग का लगातार विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर बढ़ा है और इसी विश्वास से विपक्ष और हमारे विरोधी बौखलाकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहें है। कल की घटना में भाईचारे की नींव को तोड़ने की साजिश रची गयी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार गरीब, पिछड़े और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए काम कर रही है जिससे कांग्रेस की जमीन खिसक चुकी है, इसलिए विपक्ष लगातार षडयंत्र रचकर भ्रांतियां फैलाकर वोट कबाड़ने का काम कर रहें है। हमें सोच समझकर और सतर्क होकर समाज में फैलाए जा रहे भ्रांतियों को दूर करना है और विरोधियों के षडयंत्र को विफल करना है।

आर्य ने कहा कि 14 अप्रैल की पूर्व संध्या 7 बजे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर अनुसूचित जाति वर्ग को संबोधित करेंगे। जिसका कार्यक्रम मीडिया, सोशल मीडिया एवं टीवी चैनल पर लाइव प्रसारित होगा। मोर्चा इस समय अंतराल में अंबेडकर प्रतिमाओं के आगे दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के संदेश को प्रसारित और प्रचारित करने का काम करें। 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मंडल स्तर पर प्रभावपूर्ण तरीके से आयोजित करें एवं बड़ी संख्या में महू में आयोजित अंबेडकर कुंभ में उनके अनुयायी पहुंचे यह व्यवस्था सुनिश्चित करें। पार्टी की स्थापना दिवस 6 अप्रैल को रचनात्मक कार्यक्रम के साथ 1 अप्रैल से 14 अप्रैल के बीच असंगठित मजदूरों के पंजीयन अभियान में मोर्चा की प्रभावपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने की बात कही।

मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी रमेशचन्द्र रत्न ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चैहान ने हर वर्ग की चिंता की है। अजा वर्ग के साथ उन्होंने एक रिश्ता कायम किया है। कांग्रेस आजादी के बाद सबसे अधिक सत्ता में रही और आज वर्तमान में केन्द्र और प्रदेशों में पूरी तरह पिछड़ चुकी है। सत्ता की व्याकुलता में कांग्रेस षडयंत्र रच रही है। हमें विश्वास के साथ जनता के बीच जाना है और उन्हें विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमजाल से दूर करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने अंबेडकरजी से जुड़े 5 स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में संवारने का काम किया। दलितों के पुरोधा अंबेडकर का भाजपा ने सम्मान किया। सबका साथ सबका विकास में हमारा विश्वास है और इसी विश्वास के साथ हमें मिशन 2018 और 2019 में विजय हासिल करनी है।

मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री व विधायक सतीश मालवीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने लगातार अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की चिंता की है। योजनाओं के माध्यम से समाज के कमजोर एवं पिछड़े तबके को आगे लाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर विपक्ष को करारा जवाब देना है। ताकि विरोधियों को भी यह पता चले कि अनुसूचित वर्ग हमेशा भाजपा के साथ है।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सूरज कैरो ने कहा कि बस्ती प्रमुखों का गठन भारतीय जनता पार्टी के विस्तार में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। 5 अप्रैल को प्रदेश के 56 संगठनात्मक जिलों में बैठकें आयोजित होगी। जिसमें मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा होनी है। मंडल गठन के साथ बस्ती प्रमुखों का गठन मोर्चा में महत्वपूर्ण है। इस दृष्टि से बस्ती प्रमुख का मनोनयन हो। उन्होंने 14अप्रैल डॉ. अंबेडकर जयंती को मंडल स्तर तक मनाने की बात कही। पूर्व में अतिथियों द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन किया गया। बैठक का संचालन मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुकेश टटवाल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता भुजबल अहिरवार, दिलीप अहिरवार सहित मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला प्रभारी मौजूद थे। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment