भगवान बलदाऊ का चित्र, हल और पूजन सामग्री 4 अप्रैल तक विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने बताया कि किसान सम्मान यात्रा को लेकर प्रदेश भर में किसानों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। भगवान बलदाऊ का चित्र, हल सहित पूजन सामग्री सभी विधानसभा क्षेत्रों में 4 अप्रैल तक पहुंचेगी। पूजन सामग्री को लेकर मोर्चा के संभागीय प्रभारी सभी जिला मुख्यालयों पर जिला अध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारियों को समारोहपूर्वक सौंपेंगे। 5 अप्रैल को सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मान यात्रा का आयोजन विधायक के नेतृत्व में किया जायेगा। सम्मान यात्रा के दौरान उन्नतशील किसानों का गरिमापूर्ण ढंग से स्वागत किया जायेगा और उनके अनुभव को किसानों के बीच साझा किया जायेगा। गांव में आयोजित होने वाली सम्मान यात्रा की अध्यक्षता उसी गांव के वरिष्ठ किसान करेंगे।
यात्रा का समापन 15 अप्रैल को सभी विधानसभाओं पर समारोहपूर्वक होगा। यात्रा के दौरान यात्रा प्रभारी और प्रमुख वक्ता ग्राम चौपाल पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसानों के हित में किये गये ऐतिहासिक निर्णयों के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत करायेंगे। 5 से 15 अप्रैल तक आयोजित 11 दिवसीय किसान सम्मान यात्रा के लिए जिलों एवं विधानसभाओं में मोर्चा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)