मथुरा में बलदाऊजी के पूजन के उपरांत 1 अप्रैल को मुरैना में प्रवेश करेगी किसान सम्मान यात्रा
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने बताया कि किसान सम्मान यात्रा 1अप्रैल को मथुरा से भगवान बलदाऊ मंदिर में पूजा अनुष्ठान के साथ आरंभ होगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मस्त, प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद अजयप्रताप सिंह भगवान बलराम का पूजा-अर्चन कर यात्रा की विधिवत शुरूआत करेंगे। इस अवसर पर बलदाऊ विधानसभा के स्थानीय विधायक सूरज प्रकाश और भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा उत्तरप्रदेश के अध्यक्ष राजा वर्मा भी उपस्थित रहेंगे। सभी मुख्य अतिथि बलदाऊजी से मुरैना तक विशाल वाहन रैली के रूप में यात्रा का नेतृत्व करेंगे। राजस्थान की सीमा में प्रवेश पर और धौलपुर (राजस्थान) में यात्रा का भव्य स्वागत भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा राजस्थान के अध्यक्ष व विधायक कैलाश चौधरी के नेतृत्व में किया जायेगा।
यात्रा दोपहर 1 बजे मुरैना में प्रवेश करेगी, जहाँ यात्रा का ऐतिहासिक भव्य स्वागत मुरैना जिले के माननीय विधायकगणों एवं पार्टी व मोर्चे के पदाधिकारियों द्वारा किया जायेगा। यात्रा के सम्मान में मुरैना में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में यशस्वी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर सांसद अनूप मिश्रा, प्रभारी मंत्री मायासिंह, मंत्री रूस्तम सिंह, कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार, मुरैना के महापौर अशोक अर्गल, भाजपा प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, केंद्रीय सहकारी बैंक मुरैना के अध्यक्ष शिवमंगल सिंह तोमर सहित ग्वालियर व चंबल संभाग के भाजपा पार्टी के अन्य विधायक, पदाधिकारी और भाजपा किसान मोर्चा के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 2 और 3 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों पर जिला अध्यक्ष द्वारा यात्रा की पूजन सामग्री समारोहपूर्वक ग्रहण की जायेगी। किसान सम्मान यात्रा की पूजन सामग्री विधानसभा प्रभारियों को 4 अप्रैल को सौंपी जायेगी। 5 अप्रैल को सभी 230विधानसभा क्षेत्रों में सम्मान यात्रा प्रारंभ की जायेगी। किसान सम्मान यात्रा का आयोजन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायक के नेतृत्व में किया जायेगा। यात्रा का समापन 15 अप्रैल को सभी विधानसभाओं पर समारोहपूर्वक किया जायेगा। सम्मान यात्रा 11 दिवसीय होगी जो 5 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलेगी। प्रत्येक विधानसभा स्तर पर निकलने वाली यात्रा में ग्रामीणजन रथ में भगवान बलदाऊ का चित्र, हल, यमुना का पुनीत जल कलश और ब्रज भूमि की पावन रज का विधि विधान से पूजन करेंगे। यात्रा के प्रभारी और प्रमुख वक्ता ग्राम चौपाल पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसानों के हित में किये गये निर्णयों के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत करायेंगे। (खबरनेशन / Khabarnation)