मोदी की लोकप्रियता बढ़ने से डर में कमलनाथ सरकार
जनता का नुकसान करा रही : रामेश्वर शर्मा
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। प्रदेश की कमलनाथ सरकार अपनी शुरुआत से ही कुंठित मनोवृत्ति से काम कर रही है। इस सरकार को मोदी जी की लोकप्रियता बढ़ने का डर हमेशा सताता रहता है। इस डर के कारण कमलनाथ सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को लागू करने में रुचि नहीं लेती है और प्रदेश के लोगों का नुकसान कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक रामेश्वर शर्मा ने केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रदेश में धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए कही।
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के प्रति शुरू से ही दुराग्रह से ग्रसित रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की बढ़ती लोकप्रियता से भयभीत कमलनाथ सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई जनहित की योजनाओं में रोड़े अटकाने का काम किया है। चाहे आयुष्मान भारत योजना हो, प्रधानमंत्री आवास योजना हो, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना हो, इस सरकार ने सभी को अटकाने और लटकाने का काम किया है। यही स्थिति व्यापारी, किसान और श्रमिक मानधन योजनाओं की भी है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने कमजोर वर्गों के लोगों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए इन योजनाओं को लागू किया था, लेकिन प्रदेश सरकार इनमें जानबूझकर रुचि नहीं ले रही है, जिसके चलते प्रदेश में इन योजनाओं की प्रगति काफी धीमी है। पूर्वाग्रहों से ग्रसित कमलनाथ सरकार के कृषि और श्रम विभागों ने इनके सर्कुलर तो जारी कर दिए, लेकिन मोदी जी को क्रेडिट न मिल जाए, इस डर से इन योजनाओं का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार नहीं किया। इन योजनाओं के लिए बनाए गए कॉमन सर्विस सेंटरों की संख्या भी कम हैं और ये ठीक से काम भी नहीं कर रहे हैं।
मुसीबत के समय 5 लाख किसानों को नहीं मिलेगा फसल बीमा
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार की इसी सोच के कारण प्रदेश के पांच लाख किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा, जबकि इस साल बाढ़ और बारिश के कारण फसलों की भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कृषि और सहकारिता विभाग की सुस्ती के कारण बीमा कराने की अंतिम तिथि निकल गई और पांच लाख किसानों का फसल बीमा नहीं हो सका। इसके चलते प्रदेश के किसानों को हुए 10 हजार करोड़ रुपए के नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकेगी। श्री शर्मा ने मांग की कि बीमा क्लेम न मिल पाने के कारण प्रदेश के जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उनकी भरपाई कमलनाथ सरकार अपने खजाने से करे।