केन्द्र द्वारा लाए जा रहे कानूनों पर कांग्रेस सड़कों पर करेगी विरोध


जिला कांगे्रस कमेटी ने प्रेसवार्ता कर बताई आगे की रणनीति 
अर्पित उपाध्याय खबर नेशन Khabar Nation
विदिशा। केन्द्र सरकार द्वारा गुपचुप तरीके से कानून बनाकर किसानों और आम जनता को धोखा दिया है। कांग्रेस उसका सड़क से लेकर संसद तक पुरजोर विरोध करेगी। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमल सिलाकारी ने एक प्रेसवार्ता के दौरान कही। 
शुक्रवार की दोपहर तीन बजे आयोजित हुई प्रेसवार्ता के दौरान कांगे्रस जिलाध्यक्ष कमल सिलाकारी ने कहा कि जीएसटी, नोटबंदी की तरह ही मोदी सरकार ने मनमाने ढंग से किसानों के विरूद्ध नया कानून लागू करने का फैसला लिया है। जिसका विरोध विपक्ष के साथ उनके ही घटक दल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडियों को बंद करने की नियत से मॉडल एक्ट लागू किया गया। जिससे किसानों को अपनी फसल के ऐवज में फसल बेचने में लाभ की गारंटी नहीं होगी। समर्थन मूल्य भी किसानों को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने इन सब कानूनों से पूंजीपतियों को ही फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि यदि हमारी सरकार उपचुनाव जीतने के बाद बनती है तो केन्द्र के इन कानूनों को प्रदेश में लागू नहीं होने देंगे। वहीं आगामी रणनीति के बारे मेें बताते हुए कमल सिलाकारी ने कहा कि दो अक्टूबर से देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। हस्ताक्षरों की कापी के साथ आवेदन राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे ताकि केन्द्र सरकार की मनमानी से बनाए गए कानूनों पर रोक लगाई जा सके। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक शशांक भार्गव, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. मेहताबसिंह यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष मोहित रघुवंशी, प्रदेश महामंत्री मनोज कपूर, मोहरसिंह रघुवंशी, गोविंद राजपूत, रणधीर सिंह ठाकुर, रईस अहमद कुरैशी, सुजीत देवलिया आदि मौजूद थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment