बिहार में शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस-RJD पर हमला, बोले- ‘लालटेन राज’ में विकास ठप था
बिहार दौरे पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और पुराने शासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार ने लंबे समय तक ‘लालटेन राज’ का दौर देखा, जब विकास के नाम पर कोई काम नहीं होता था। गरीबों को पक्के मकान नहीं मिलते थे और बिजली की स्थिति ऐसी थी कि तारों पर कपड़े सूखते थे, क्योंकि बिजली आती ही नहीं थी।
‘एक रुपया भेजता था तो 15 पैसा पहुंचता था’
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस शासन पर हमला बोलते हुए कहा कि उस दौर में प्रधानमंत्री खुद कहते थे कि सरकार की ओर से भेजे गए एक रुपये में से सिर्फ 15 पैसे ही गरीब तक पहुंचते हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार में व्यवस्था बदली है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है।
बिहार में 50 लाख गरीबों को मिले पक्के मकान
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2016 से अब तक बिहार के करीब 50 लाख गरीब भाई-बहनों को पक्के मकान देने का काम किया गया है। उन्होंने इसे गरीब कल्याण की दिशा में बड़ा कदम बताया।
‘विकसित भारत जी-राम-जी योजना’ के लिए 9,402 करोड़ का आवंटन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत जी-राम-जी योजना’ बनाई है। उनके मुताबिक, वर्ष 2026-27 में मार्च तक इस योजना के लिए 9,402 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार को 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक मिलेंगे, जिससे गांवों का समग्र विकास होगा।
‘धरती पर भगवान है तो वह किसान है’
किसानों को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि धरती पर अगर कोई भगवान है तो वह किसान है और वे किसानों के सेवक हैं। उन्होंने कहा कि वे जहां भी जाते हैं, कोशिश करते हैं कि खेती-किसानी को बेहतर बनाने में किस तरह योगदान दिया जा सकता है।
बिहार में शिवराज सिंह चौहान का कांग्रेस-RJD पर हमला, बोले- ‘लालटेन राज’ में विकास ठप था