कैलाश के इको-फ्रेंडली गणेश! मिट्टी से खुद बनाई गणेश प्रतिमा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को इंदौर के पितृ पर्वत पहुंचकर मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण लिया। मूर्तिकार देवेंद्र आत्रे के मार्गदर्शन में मंत्री विजयवर्गीय ने अपने हाथों से पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा तैयार की।
आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने लोगों से अपील की कि गणेश उत्सव को आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का पर्व भी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं का उपयोग कर जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकता है और पर्यावरण संरक्षण में हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभा सकता है।
मूर्तिकार देवेंद्र आत्रे की निःशुल्क वर्कशॉप
इंदौर के मूर्तिकार देवेंद्र आत्रे इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देने के लिए निःशुल्क वर्कशॉप भी संचालित करते हैं। इन कार्यशालाओं में लोग मिट्टी से पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमा बनाना सीख सकते हैं।
खुद प्रतिमा बनाकर दिया जनभागीदारी का संदेश
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का स्वयं मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना पर्यावरण संरक्षण के अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। संदेश साफ है गणेश उत्सव में आस्था भी रहे और प्रकृति की रक्षा भी हो।