बजट में कुछ नहीं है तो मुख्यमंत्री घोषणा करें कि राज्य को मिलने वाली बजट की राशि नहीं लेंगे :- गोपाल भार्गव
-- नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया पर किया पलटवार
भोपाल। मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा केंद्रीय बजट को हवाई सपने बताने पर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने पलटवार करते हुए कहा कि दुर्गति तो आपने पिछले 1 साल में मध्यप्रदेश कि की है। आपकी सरकार केंद्रीय योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को मिलने नहीं दे रही है। झूठे वचन और सपने आपने दिखाएं लेकिन एक भी वचन नहीं निभाया। जब मुख्यमंत्री बने तब कर्जा माफ की फाइल पर हस्ताक्षर किए थे आज तक सिर्फ फाइलों में ही कर्जा माफ है।
उन्होंने कहा कि अगर आप यह कहते है कि बजट हवाई है तो फिर आप यह घोषणा कर दे कि बजट की जो राशि राज्य के लिए मिलती है उस राशि को आपकी सरकार नही लेगी। जब मध्यप्रदेश का बजट आये तब केंद्र से जो राशि मिलती है उसका प्रावधान करते है। मुख्यमंत्री कमलनाथ जी और प्रदेश के वित्त मंत्री जी यह घोषणा कर देगी केंद्र की उस राशि का प्रावधान ही नहीं करेंगे।
भार्गव ने कहा कि एक तरफ तो आपकी सरकार केंद्र सरकार से पैसे की मांग करती है वहीं दूसरी तरफ ये कहना कि हवाई है। अगर प्रदेश सरकार में साहस हो तो वह घोषणा करें कि उसे केंद्र प्रवर्तित किसी भी योजना का लाभ नहीं लेगी। मैंने कहा था आपको एक तरफ फायदा भी चाहिए, पैसा भी चाहिए दूसरी तरफ आलोचना भी। यह ठीक नहीं है।