कमलनाथ सरकार दलित विरोधी

 

प्रदेश भर में अजा मोर्चा ने ज्ञापन सौंपकर सागर के पीड़ित परिवार को न्याय देने की मांग की

खबर नेशन /Khabar Nation

सागर में दलित युवक को जिंदा जलाए जाने और प्रदेश में विशेष वर्ग द्वारा दलितों के साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा ने शनिवार को प्रदेशभर में राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को कड़ी सजा देते हुए पीडित परिवार को न्याय देने की मांग की। संभागीय मुख्यालय होशंगाबाद में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रदीप लारिया, ग्वालियर में पूर्व मंत्री श्री लालसिंह आर्य, उज्जैन में मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री सूरज कैरो, इंदौर में प्रदेश प्रवक्ता श्री चिंतामणि मालवीय, भोपाल में पूर्व विधायक डाॅ. कैलाश जाटवा ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसी प्रकार सभी संगठनात्मक जिलों में मोर्चा के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दलित वर्ग के लोगों को संरक्षण और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की।

तुष्टिकरण की राजनीति बंद करें कांग्रेस - लारिया

होशंगाबाद में एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री प्रदीप लारिया ने कहा कि सागर की घटना से मध्य प्रदेश सरकार का दलित विरोधी चेहरा उजागर हुआ है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और इसी कारण दलितों पर अत्याचार करने वाले विशेष वर्ग के लोगों पर कार्यवाही करने के बजाय उनका संरक्षण कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 1 साल में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं और उनके साथ मारपीट की गई है। उन्हें जान से मारा गया है। सागर में दलित युवक के साथ जो घटना है बड़ा उदाहरण है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस के राज में दलित विरोधी प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा कि सागर के दलित परिवार को जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक भारतीय जनता पार्टी लड़ाई लड़ेगी।

मध्यप्रदेश दलितों के लिए असुरक्षित प्रदेश बना - लालसिंह

ग्वालियर में राज्यपाल के नाम एडीएम को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए सागर के दलित युवक धन प्रसाद अहिरवार के परिवार को न्याय देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में अराजकता का वातावरण है। कांग्रेस दलितों मसीहा बताती है लेकिन दलित  पिछले 1 साल से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने  कहा कि  दलित युवक  को सरेआम अल्पसंख्यक वर्ग के कुछ लोग  जिंदा जला देते हैं लेकिन प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं करता। उस युवक को पर्याप्त इलाज भी मध्यप्रदेश कि सरकार नहीं दे पाती और इलाज के अभाव में उसकी मृत्यु हो जाती है। उन्होंने कहा कि दलित युवक की मौत के बाद  भाजपा के जनप्रतिनिधि और पूर्व विधायक अंत्येष्टि में शामिल होते हैं  तो कांग्रेस के लोग उन्हें रोकते हैं क्योंकि वो दलित परिवार को न्याय नहीं मिलने देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देवास में प्रभारी मंत्री द्वारा दलित सांसद का अपमान किया गया वहीं दलित युवक की बारात निकलने पर मस्जिदों से पत्थर फेंके गए। ऐसी दर्जनों घटनाएं हुई है जिनमें कांग्रेस के नेताओं और विशेष वर्ग द्वारा दलितों को अपमानित किया गया उनको प्रताड़ित किया गया है।

पीड़ित परिवार के साथ पूरी भाजपा खड़ी है - सूरज कैरो

उज्जैन में अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सूरज कैरो ने कार्यकर्ताओं के साथ राज्यपाल के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। श्री कैरो ने कहा कि सागर के दलित गरीब परिवार के बेटे की प्रदेश सरकार की लापरवाही के कारण जान चली गई। अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों ने जिस तरीके से एक दलित युवक को जिंदा जलाया है उससे यह स्पष्ट होता है की मध्यप्रदेश सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में धनप्रसाद अहिरवार का परिवार अकेला नहीं है। उसके साथ पूरी भारतीय जनता पार्टी मजबूती के साथ खड़ी है। गरीब परिवार को जब तक न्याय नहीं मिल जाता उसकी लड़ाई पार्टी लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में दलितों पर अत्याचार हो रहे हैं लेकिन कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता जो खुद को दलितों का मसीहा बताते है वो सभी मौन है। श्री सूरज कैरो ने कहा कि इस मामले में दोषी पाए गए अपराधियों सख्त सजा दी जानी चाहिए एवं अस्पताल में जिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण भाई धनप्रसाद अहिरवार की मृत्यु हुई है उनके खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए। इस अवसर पर महापौर श्रीमती मीना जोनवाल, मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्री मुकेश टटवाल, पूर्व विधायक श्री सतीश मालवीय, मनोज मालवीय, श्री सत्यनारायण खोईवाल, श्री दिनेश जाटवा, श्री सुरेश गिरी सहित मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे ।

 

सरकार की लापरवाही ने ली युवक की जान - डाॅ. कैलाश जाटवा

भोपाल में पूर्व विधायक डाॅ. कैलाश जाटवा, पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेेन्द्र पाराशर, जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी, विधायक श्री विष्णु खत्री ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सीएसपी को ज्ञापन सौपा। डाॅ. कैलाश जाटवा ने ज्ञापन देने के पश्चात कहा कि प्रदेश सरकार दलित विरोधी सरकार है। प्रदेश कई जगह दलितो के खिलाफ अत्याचार हो रहे है परन्तु सरकार ने कार्यवाही न कर अपना दलित विरोधी चेहरा उजागर किया है। उन्होंने कहा कि सागर में दलित समाज के 24 वर्षीय युवक धनीराम अहिरवार को वर्ग विशेष के 15 से 20 लोगों द्वारा घेरकर जिंदा जला दिया जाता है। समय रहते प्रदेश सरकार ने युवक के ईलाज का समुचित प्रबंध नही किया जिसके कारण युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

विधायक श्री विष्णु खत्री ने कहा कि सागर के दलित युवक को समय पर न्याय और उपचार नही मिला। अगर समय रहते धनप्रसाद की शिकायत पर पुलिस कार्यवाही करती तो आज वह जिन्दा होता। उन्होंने कहा कि वह गरीब और दलित परिवार का बेटा था इसलिए शासन और पुलिस प्रशासन ने उसकी सुध नही ली। कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है।

जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी ने कहा कि सागर की घटना दुखद और अमानवीय है। घटना के संबंध में कार्रवाई के नाम पर कांग्रेस सरकार की औपचारिकता से पता चलता है कि कांग्रेस वोट बैंक के कारण कठोर कार्यवाही नही कर रही है। इस अवसर पर मोर्चा जसवंत राव सहित मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।  

Share:


Related Articles


Leave a Comment