खबरनेशन चुनाव प्रबंधन की कार्यशाला संपन्न केन्द्रीय मंत्री प्रधान एवं तोमर ने चुनाव निर्देशिका का किया विमोचन
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश चुनाव प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान एवं केन्द्रीय मंत्री, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने आज चुनाव प्रबंधन कार्यशाला में चुनाव निर्देशिका का विमोचन किया। श्री प्रधान ने कहा कि पार्टी द्वारा प्रकाशित यह निर्देशिका से चुनाव की तैयारियों में लगे कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों को आचार संहिता और चुनाव से संबंधित जानकारियां सुलभ कराने में उपयोगी सिद्ध होगी। प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में गुरूवार को चुनाव प्रबंधन के कार्यकर्ताओं की कार्यशाला संपन्न हुई।
कार्यशाला में संगठनात्मक 56 जिलों से आए चुनाव प्रबंधन के कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय चुनाव प्रबंधन समिति के प्रमुख श्री ओपी पाठक ने चुनाव में आने वाली तैयारियों से अवगत कराते हुए आवश्यक जानकारी साझा की। कार्यशाला को निर्वाचन आयोग संबंधी समिति के प्रदेश संयोजक श्री शांतिलाल लोढा एवं सह संयोजक श्री बाबूसिंह रघुवंशी, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री संतोष शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर श्री एसएस उप्पल, श्री ओमशंकर श्रीवास्तव उपस्थित थे।