शिवपुत्र कार्तिकेय की तोड़फोड़

खबर नेशन / Khabar Nation

 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र इन दिनों जबरदस्त तरीके से तोड़फोड में लगे हैं। तोड़फोड़ का अंदाज मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के अपदस्थ होने के बाद जागृत हुआ है। इन दिनों कार्तिकेय बुधनी विधानसभा और उसके आसपास के क्षेत्रों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष तौर पर साध रहे हैं। कार्तिकेय खुले तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मदद का आश्वासन दे रहे हैं और वक्त पड़ने पर जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बिना गुहार लगाए ही मदद भी कर जाते हैं।

 

अमित शाह का ऑफिस भाया मध्य प्रदेश के आईपीएस अफसर को

मध्यप्रदेश के एक आय पी एस अफसर को ताकतवर राजनेताओं में नंबर दो पर गिने जाने वाले देश के गृहमंत्री अमित शाह का आफिस और कार्यशैली भा गई है। शाह के मित्रो और विरोधियों को एक ही वक्त में यह पता नहीं चल पाता है कि उस वक्त और कौन शाह से मुलाकात कर रहा है। बस शाह की यही शैली और कार्यालय का आर्किटेक्चर उनके मन को भा गया है।

बेटे के कर्मों की सजा फटकार के रूप में मिली पिता को

अपने राजनीतिक अंदाज के लिए चर्चित रहने वाले मध्यप्रदेश के कांग्रेस शासनकाल में विधानसभा अध्यक्ष रहे नर्मदा प्रसाद प्रजापति को कांग्रेस के प्रमुख रणनीतिकार सुरेश पचौरी ने जमकर फटकार लगा दी। मामला भाजपा के मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव के उलझने का था। एक महिला ने दत्तीगांव के विधानसभा क्षेत्र में जाकर एक रिसॉर्ट में गंभीर आरोप लगा दिए। कांग्रेस इस मुद्दे को भुनाना चाहते हुए भी नहीं भुना पाई। वजह महिला के साथ प्रजापति के पुत्र भी थे। बस फिर क्या था पचौरी का ग़ुस्सा सांतवां आसमान पार कर गया। प्रजापति की जमकर लू उतारी गई कि अपनी औलाद को संभाल नहीं सकते।

दोस्ती दुश्मनी दुश्मनी दोस्ती कांग्रेस की बीमारी बनी

कांग्रेस इन दिनों दोस्ती दुश्मनी का खेल खेल रही है। कांग्रेस का एक नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दोस्ती निभाता है तो दूसरा नेता शिवराज विरोधी से दोस्ती निभाने पहुंच जाता है। मामला कांग्रेस के अंदरूनी विरोध का भी है और भाजपा की आंतरिक लड़ाई का भी है।

कमलनाथ की कॉफी टेबल बुक

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भविष्य की संभावनाएं पुरजोर तरीके से स्थापित करने में लगे कमलनाथ की कॉफी टेबल बुक तैयार हुई है। जीवन चरित्र पर आधारित इस सचित्र बुक में बचपन से लेकर हालिया घटनाक्रमों की तस्वीरें, टिप्पणियां और लेख शामिल किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार इस टेबल बुक को सरसरी तौर पर देखकर कमलनाथ ने सुधार के भी निर्देश दिए हैं। बुक देखने के बाद स्पष्ट तौर पर यह महसूस किया जा सकता है कि कमलनाथ सिर्फ उधोगपति ही नहीं बल्कि राजनीति में भी वे कार्पोरेट शैली का उपयोग करने से नहीं चूकते हैं।

 

लिखें और कमाएं        
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment