कार्यकर्ता के समर्पण भाव जागृत रखने जीती लोकसभा में भटक रहे विष्णु दत्त शर्मा

खजुराहो लोकसभा के पन्ना जिले की दुर्गम पहाड़ी पर बसे आदिवासी गांव कल्दा से 

गौरव चतुर्वेदी/ खबर नेशन/ KHABAR NATION 

 

मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी लोकसभा सीट खजुराहो यूं तो भारतीय जनता पार्टी की झोली में जा चुकी है। इसके बावजूद मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। वीडी भाई के नाम से ख्यात राजनेता विष्णु दत्त इस लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार हैं।

खबर नेशन संवाददाता लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में खजुराहो लोकसभा के कल्दा क्षेत्र पर पहुंच गए। जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर दूर, तहसील मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर और नये बने जिले मैहर से पैंतालीस किलोमीटर दूर दुर्गम पहाड़ी पर बसे कल्दा में कभी मोटर साइकिल से आना भी कठिन काम था। लेकिन अब बढ़िया घुमावदार सड़क है। तब कल्दा के पास श्याम गिरी पर्वत पर राजे रजवाड़े के शौकीन मिजाज लोग अय्याशियां किया करते थे।

खजुराहो लोकसभा में आने वाली विजयराघवगढ़ विधानसभा के विधायक संजय पाठक ने बताया कि खजुराहो लोकसभा बांधवगढ़ से पन्ना जिले से सटी उत्तर प्रदेश की सीमा की 450 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली सबसे बड़ी लोकसभा है। संजय इस लोकसभा पर कड़ा संघर्ष बता रहे हैं। जब उनसे यह कहा कि इंडी गठबंधन के प्रत्याशी के नामांकन फार्म रिजेक्ट होने के बाद कोई दमदार प्रत्याशी मैदान में नहीं है और राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की जीत माना जा रहा है तो उन्होंने कहा यही तो संघर्ष है। हम इस लोकसभा क्षेत्र से विष्णु दत्त शर्मा जी को नौ लाख वोटों से जिताकर दिल्ली भेजेंगे।

जब यही सवाल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो के प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा से किया तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के उत्साह और समर्पण को बनाए रखना जरुरी है। उन्हें ऐसा नहीं लगना चाहिए कि चुनाव जीत गए है। उन्हें जनता के साथ और क्षेत्र के साथ संवाद और संपर्क रखना जरूरी है।

प्रचार अभियान में शामिल सदानंद गौतम ने बताया कि सुबह आठ बजे से लेकर रात दो तीन बजे तक हर दिन 200 किलोमीटर की यात्रा और 20-25 गांवों में संपर्क रोज का काम है।

आज कल्दा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सभा थी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हम ग्यारह की ग्यारह सीट जीतेंगे और मध्यप्रदेश में कांग्रेस को शून्य पर आउट करेंगे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment