भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हरी झंडी  

खजुराहो के मतदाता सबसे ज्यादा वोट डालकर रचेंगे इतिहास 

कश्मीर में फारुख अब्दुल्ला गा रहे हैं रामधुन 

पत्रकारों की चौपाल में घिरे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा 

खबर नेशन/ Khabar Nation 

 

मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने देश प्रदेश की राजनीति को लेकर पत्रकारों की चौपाल में खुलकर जबाब दिए। श्री शर्मा खजुराहो से लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी हैं। चुनाव प्रचार के दौरान वरिष्ठ पत्रकार राकेश अग्निहोत्री, सुशील शर्मा, कौशल किशोर चतुर्वेदी और खबर नेशन के गौरव चतुर्वेदी ने पत्रकारों की चौपाल में श्री शर्मा से चर्चा की -

राकेश अग्निहोत्री - कीर्तिमान से कितनी दूर है भाजपा और विष्णु दत्त शर्मा ?

विष्णु दत्त - कीर्तिमान इस बार देश के अंदर  बनेगा। अबकी बार 400 पार का नारा भी पूरा होगा और मध्यप्रदेश में इस बार हम 29 की 29 सीटों के साथ खजुराहो लोकसभा में 2293 बूथ पर कमल का फूल खिलेगा। प्रधानमंत्री जी का 370 नये वोट जोड़कर इतिहास बनाना है,का संकल्प खजुराहो का कार्यकर्ता  और जनता जनार्दन पूरा करेगी।

राकेश अग्निहोत्री - इलेक्शन के बाद परिसीमन होगा कई सीट घट बढ़ जाएगी। मतदाता कम ज्यादा हो जाएंगे। खजुराहो का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम है। मतदाता इतने हैं कि आप दस लाख वोटों की जीत का रिकॉर्ड बना सकते हैं। क्या कार्यकर्ता तैयार है ?

विष्णु - कार्यकर्ता तैयार है। प्रत्येक बूथ पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ रही है। और कार्यकर्ताओं ने माइक्रो प्लानिंग के साथ बूथ पर काम किया है। मुझे तो गर्व है भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर । जिस प्रकार से उन्होंने मैं रोज देखता हूं रोज बूथों पर बैठकें चल रही हैं। आज पर्ची वितरण का अभियान है।उसके बाद दो दिन का संपर्क अभियान, बूथ बूथ पर हितग्राही,प्रधानमंत्री और मध्यप्रदेश की सरकार की योजनाओं के लाभार्थी उनसे संपर्क अभियान चल रहा है। इस चुनाव में हर बूथ पर मुझे विश्वास है कि पिछली बार 64.5 प्रतिशत वोट मिला था, इस बार 85 प्रतिशत तक जाएगा।

गौरव चतुर्वेदी - मैदान में कोई नहीं है। इसके बावजूद पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार आप लगातार फील्ड में सक्रिय हैं। आखिर क्या वजह है कि जीती हुई सीट पर एक प्रकार से जीतने के बाबजूद वीडी शर्मा सड़क सड़क और बूथ बूथ पर जाने के लिए मजबूर हैं ?

विष्णु दत्त - भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक चुनाव को बूथ पर लड़ती है।आपको आश्चर्य होगा कल मेरे नेता जो दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री जी ने पूछा उन्होंने मुझे क्या संदेश दिया कि हमें हर बूथ पर चुनाव लड़ना है।ये नहीं हो जाए कि हम चुनाव जीत रहे हैं। जब इतना बड़ा ताकतवर नेता जिनके नेतृत्व में पूरा भारत विजय का इतिहास रच रहा है। वो भी क्या कह रहे हैं कि हमें बूथ पर चुनाव लड़ना है। इसलिए हम किसी चुनाव को कमजोर नहीं मानते। प्रतिद्वंद्वी को कभी कमजोर नहीं मानते। हमारे कार्यकर्ता की आदत कभी खराब ना हो। हम अथक मेहनत और परिश्रम से काम करते हैं। ज्यादा से ज्यादा मतदान हो और भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मोदीजी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। इसलिए हर बूथ पर इतनी ताकत से कमल खिलेगा कि दुनिया के अंदर लोगों को लगेगा कि खजुराहो ने इतिहास बनाया।

गौरव चतुर्वेदी - विधानसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश का राजनीतिक परिदृश्य बदल गया। मुख्यमंत्री बदल दिए गए। अब फिर एक बार बात उठ रही है जनता कार्यकर्ता के बीच में कि लोकसभा चुनाव के बाद मध्यप्रदेश में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है। आपका क्या मानना है? 

विष्णु दत्त - मध्यप्रदेश के अंदर 2003 के बाद हमारे कुशल नेतृत्व में मुख्यमंत्री रहे उमा भारती, बाबूलाल गौर, शिवराज सिंह चौहान आज डॉ मोहन यादव अथक मेहनत परिश्रम और नई सोच के साथ नये मध्यप्रदेश का प्रधानमंत्री मोदी जी ने टास्क दिया है के लिए बेहतर काम करने का प्रयास कुशलता के साथ कर रहे हैं। परसेप्शन बनाने की बातें लोग समय समय पर करते हैं लेकिन विश्वास के साथ डा मोहन यादव गुड गवर्नेंस के साथ नेतृत्व कर रहे हैं। 

गौरव चतुर्वेदी - क्या आपका नया पुनर्वास होगा लोकसभा चुनाव के बाद ?

विष्णु दत्त - मुझे लोकसभा के साथ प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी। यहां का लोकसभा से सांसद हूं यहां जो कर सकता था  और प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते संगठन को मध्यप्रदेश का आइडियल आर्गेनाइजेशन में मेरी भूमिका क्या बन सकती है वो प्रयास किया। इसी में हम केंद्रीय नेतृत्व जो तय करता है वो काम करते हैं।

सुशील शर्मा - कल प्रधानमंत्री मोदी जी ने तारीफ की इसके पहले अमित शाह ने...जब तारीफ होती है तब आपका अंदर से क्या भाव रहता है ? दूसरा आप छात्र जीवन से संघर्ष करते रहे हैं , चुनौतियों का सामना करते रहे है। पहली बार ऐसा हो रहा है कि इंडी गठबंधन का प्रत्याशी मैदान छोड़कर भाग गया। बिना चुनौती के चुनाव में आप क्या फील कर रहे हैं ?

विष्णु दत्त - मन में पीड़ा है कि हम तो लड़ने में ही विश्वास रखते हैं और आनंद आता। प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता क्यों है वो इसी बात के कारण से। मध्यप्रदेश का चुनाव मध्यप्रदेश के मन में मोदी और मोदी के मन में मध्यप्रदेश पर कैंपेन था। मध्यप्रदेश की जनता ने जो 49 प्रतिशत वोट शेयर 163 सीटों का जो प्रचंड बहुमत दिया वो प्रधानमंत्री मोदी को जनता ने आशीर्वाद दिया। जब गुजरात में प्रचंड जीत हुई थी। तब हमने संसद में सम्मान किया था। तब उन्होंने कहा था कि सम्मान अगर करना है तो बूथ पर बैठे कार्यकर्ता, पन्ना प्रमुख , पन्ना समिति के कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उसी प्रकार से उन्होंने यहां भी मध्यप्रदेश का प्रदेशाध्यक्ष ये उनका बड़ा मन है जो राजनीति में बहुत कम होता है। इसलिए वो दुनिया के इतने बड़े नेता हैं। प्रधानमंत्री जी, अमित शाह, नड्डा जी हो केंद्रीय नेतृत्व का आशीर्वाद हमेशा मिलता रहा है। प्रधानमंत्री का बड़ा मन है जो कार्यकर्ता का सम्मान करते हैं।

सुशील शर्मा - प्रथम चरण के चुनाव में छह सीटों पर मतदान में दस प्रतिशत की गिरावट आई है । अगर आप इसे नंबर ऑफ वोट में काउंट करेंगे तो उसमें भी कमी आई है। मतदान बढ़ाने आप अन्य चरणों के लिए कैसे मोटिवेट कर रहे हैं ? 

विष्णु दत्त - आज प्रधानमंत्री जी ने भी इस पर कहा है कि इंडी गठबंधन जब कुछ दलों के बीच निराशा का वातावरण भी है। तब हमें वोट ज्यादा से ज्यादा करवाना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। और इस दिशा में हम वोटिंग के बाद एनालिसिस कर रहे हैं। इंडी गठबंधन कांग्रेस के लोगों को लगता है कि जब भाजपा जीत रही है , मोदी जी प्रधानमंत्री बन रहे हैं। जनता में उत्साह और उमंग तो बड़े पैमाने पर है। कुछ रीज़न में इस प्रकार का वातावरण है। हम प्रयास में हैं घर घर जाकर वोट निकालना है और मोदी जी के नेतृत्व में हाथ मजबूत करें।

कौशल किशोर चतुर्वेदी - नरेंद्र मोदी जी ने कल दमोह में तारीफ की और कहा कि पतले दुबले व्यक्ति हैं विष्णु दत्त शर्मा जी लेकिन मध्यप्रदेश में इतिहास रच दिया है। आप जब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष बने तबसे शिवराज जी ज्योतिरादित्य ने आपको शुभंकर कह रहे हैं। आप मानते हैं कि आप शुभंकर साबित हुए हैं। सरकार बनी आपके आने के एक महीने बाद फिर चुनाव हुए सफलता प्राप्त हुई, अब लोकसभा में भी जब मोदी जी कह रहे हैं। संगठन में शुभंकर साबित कर दिया है।

विष्णु दत्त - भारतीय जनता पार्टी में कोई भी काम होता है सामुहिक नेतृत्व में होता है। टीम स्प्रिट की भावना से हम काम करते हैं। मध्यप्रदेश के अंदर आपने देखा होगा जब हम चुनाव जीते प्रचंड बहुमत से। यह टीम का काम था उसका एप्रिसिएशन है।जो भी प्रक्रिया रही वो भारतीय जनता पार्टी की सामुहिक उपलब्धि है।बाकी जिम्मेदारी पर रहते हो तो इस प्रकार के अवसर मिलते रहते हैं। प्रधानमंत्री जी केंद्रीय नेतृत्व अमित शाह जी इन सबकी भूमिका रही है कार्यकर्ता की पीठ पर हाथ कैसे रखना है।हम उत्साह में रहते हैं काम की उर्जा मिलती रहती है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी - खजुराहो तप रहा है। वोटर्स को निकालने की बड़ी चुनौती है। आप प्रदेशाध्यक्ष भी हैं और आपकी संगठन क्षमता का लोहा भी सब मान रहे हैं। ऐसे में मानते हैं कि खजुराहो में आपकी चुनौती ज्यादा बढ़ गई है? 

विष्णु दत्त -पिछली बार का चुनाव 49 टेंपरेचर पर हुआ था ‌। मुझे गर्व है खजुराहो की जनता पर 78 प्रतिशत से ऊपर मतदान हुआ था। 65.4 प्रतिशत से ऊपर भाजपा को मिला था। गांव में प्रत्येक बूथ पर लोगों को निकालना पोलिंग बूथ तक पहुंचाना। खजुराहो की जनता का जो उमंग और उत्साह है मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि 26 को जब चुनाव होगा खजुराहो में सबसे ज्यादा मतदान होगा।

राकेश अग्निहोत्री - आयातित नेता और कार्यकर्ता क्या भाजपा के कार्यकर्ताओं की परीक्षा ली जा रही है। खिड़की नहीं गेट खोल दिए गए हैं। कोई भी आ सकता है कभी भी आ सकता है। उनको टिकट भी मिल जाता है। जिनको आपने तैयार किया है नींव के पत्थर उनके लिए कुछ कहना चाहेंगे विष्णु दत्त कि चुनाव जीतने के लिए दूसरे कार्यकर्ता नेता जरुरी हो गये हैं? 

विष्णु दत्त - राजनीति में समयानुकूल परिवर्तन में जो आवश्यक होती हैं केंद्रीय नेतृत्व उसके अनुसार निर्णय लेता है और आज देश प्रदेश के अंदर भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पोलिटिकल डिसीजन करता है केवल इमोशनल नहीं। चुनाव में जीत ही महत्वपूर्ण होती है।आज नार्थ ईस्ट, केरल, पश्चिम बंगाल के अंदर अगर लोगों को लगता है कि मोदी जी के नेतृत्व में हम कुछ भूमिका देश समाज के अंदर निभा सकते हैं तो ऐसे लोगों का स्वागत है। सबका नहीं है।सोच समझकर निर्णय होते हैं। इसलिए मैं ऐसा मानता हूं कि भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व के प्रति आम जनता का जो विश्वास है उस विश्वास को हम नहीं तोड़ सकते। यह हमारी जवाबदारी है वो आए और समरस भाव के साथ भाजपा कार्यकर्ता के नाते जिम्मेवारी से काम करे। हमनें प्रसन्नता पूर्वक समरसता के साथ यह करके दिखाया है। हम सब टीम स्प्रिट से काम कर रहे हैं।

गौरव चतुर्वेदी - बड़ी तादाद में कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भाजपा में आए। आज चुनाव जीतना महत्वपूर्ण है लेकिन भविष्य में जो संगठन कैडर आधारित पार्टी के तौर पर जानी जाता हैं में कार्यकर्ताओं को कैसे एडजस्ट करेंगे ?

विष्णु दत्त शर्मा - नये कार्यकर्ता का पुराने कार्यकर्ता के साथ कैसे समायोजित करेंगे? 

विष्णु दत्त - भारतीय जनता पार्टी दुनिया में सबसे बड़ा दल कैसे बन गया। हम एक विचार पर काम करते हैं। भाजपा की एक विशिष्ट कार्यपद्धति है। जिन लोगों ने इस कार्यपद्धति और विचार पर विश्वास किया है। वही लोग भाजपा में आ रहे हैं। विचार आधारित दल कभी खत्म नहीं होता है।इस यात्रा में जो यात्री सम्मिलित हो रहे हैं वो इस विचार के हैं। जम्मू कश्मीर में फारुख अब्दुल्ला भी राम की धुन गा रहे हैं। इसलिए बिल्कुल चिंता करने की जरूरत नहीं है।ये समुद्र है। समुद्र में डूबकी लगाते हैं और डूबकी लगाकर राष्ट्रप्रेम के भाव के साथ काम करते हैं।

कौशल किशोर चतुर्वेदी -  देश में इस बार 400 पार और खजुराहो में दस लाख पार का नारा लग रहा है। क्या मानते हैं?

विष्णु दत्त - यह कार्यकर्ता और जनता की भावना है। जनता आशीर्वाद दे रही है। इस बार तो हम छिंदवाड़ा में कमल खिला रहे हैं। खजुराहो में केवल कमल नहीं खिलेगा स्वर्ण कमल खिलकर मोदी जी को समर्पित होगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment