इंदौर में गैस सिलेंडर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार; 34 सिलेंडर और दो बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरोह सुनसान और बंद पड़े मकानों को निशाना बनाता था। आरोपी घरों के ताले काटकर अंदर प्रवेश करते और गैस सिलेंडर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
तेजाजी नगर थाना पुलिस को 10 जून को कमलेश नामक व्यक्ति ने गैस सिलेंडर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
कई थाना क्षेत्रों में की चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने तेजाजी नगर, राऊ, खजराना, आजाद नगर समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह अब तक करीब 50 गैस सिलेंडर चोरी कर चुका है।
गैस एजेंसी में काम कर चुके हैं दो आरोपी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो पहले गैस एजेंसी में काम कर चुके हैं। उन्हें गैस सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी पूरी जानकारी थी। इसी अनुभव का फायदा उठाकर वे सिलेंडरों की चोरी की योजना बनाते और वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 घरेलू गैस सिलेंडर, कई बैटरियां और चोरी में उपयोग की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
इंदौर में गैस सिलेंडर चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार; 34 सिलेंडर और दो बाइक बरामद