केयरटेकर बनकर करती थी लाखों की चोरी, जूनी इंदौर पुलिस ने महिला को दबोचा

इंदौर की जूनी इंदौर थाना पुलिस ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है, जो केयरटेकर बनकर लोगों का भरोसा जीतती थी और मौका मिलते ही घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो जाती थी। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है।

केयरटेकर बनकर बनाती थी लोगों को निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली है और पिछले डेढ़ से दो साल से इंदौर में रह रही थी। इस दौरान वह बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल के लिए केयरटेकर का काम करती थी। घरवालों का विश्वास जीतने के बाद मौका मिलते ही कीमती जेवर और नकदी चोरी कर लेती थी।

पूछताछ में कबूली चोरी

जूनी इंदौर थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।

10 से 12 लाख की चोरी, 80 प्रतिशत सामान बरामद

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी महिला द्वारा करीब 10 से 12 लाख रुपये की चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तक चोरी गए सामान का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा बरामद कर चुकी है। बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं।

अन्य मामलों में भी हो रही पूछताछ

पुलिस को आशंका है कि आरोपी महिला ने शहर के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। इसी को देखते हुए उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment