जबलपुर में महिला डॉक्टर का CCTV हैक होने का दावा, कैमरे से आने लगीं अजीब आवाजें; FIR दर्ज
जबलपुर में एक महिला डॉक्टर ने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के हैक होने का दावा किया है। डॉक्टर का आरोप है कि कैमरे से अजीब आवाजें आने लगीं और ऐसा महसूस हुआ जैसे कोई व्यक्ति कैमरे के जरिए उनके घर की गतिविधियों पर नजर रख रहा हो। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार साल पहले लगाए थे CCTV कैमरे
गोरखपुर थाना क्षेत्र की निवासी डॉक्टर प्राची सक्सेना के अनुसार, उन्होंने करीब चार साल पहले अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। कुछ दिन पहले लिविंग एरिया में लगे कैमरे से अचानक बच्चे के रोने और किसी व्यक्ति के बोलने जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं। शुरुआत में उन्हें तकनीकी खराबी का संदेह हुआ, लेकिन बाद में उन्हें आशंका हुई कि कैमरा हैक किया गया है।
पुलिस ने कैमरे जब्त कर जांच के लिए भेजे
डॉक्टर ने कैमरे का कनेक्शन बंद कर गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घर में लगे दो सीसीटीवी कैमरों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कैमरे के साथ छेड़छाड़ या हैकिंग हुई थी या नहीं।
सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोगों को किया जागरूक
घटना के बाद डॉक्टर प्राची सक्सेना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सलाह दी कि घर में लगे स्मार्ट कैमरों और अन्य इंटरनेट आधारित डिवाइस के पासवर्ड समय-समय पर बदलते रहें, ताकि साइबर अपराधियों से बचा जा सके।
साइबर पुलिस की सलाह
साइबर एएसपी जितेंद्र सिंह ने भी लोगों से अपील की है कि इंटरनेट से जुड़े सभी स्मार्ट डिवाइस, जैसे सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल, स्मार्ट टीवी और अन्य उपकरणों के पासवर्ड नियमित रूप से बदलें। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी डिवाइस साइबर हमलों का निशाना बन सकते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सेटिंग्स पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
जबलपुर में महिला डॉक्टर का CCTV हैक होने का दावा, कैमरे से आने लगीं अजीब आवाजें; FIR दर्ज