Safe Click 2.0: साइबर अपराध के खिलाफ इंदौर पुलिस का बड़ा अभियान, रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक
देशभर में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए इंदौर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC), इंदौर में "Safe Click 2.0" अभियान के तहत साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर ठगी से बचने के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के मार्गदर्शन में निकली रैली
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पीटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव आरक्षक प्रशिक्षुओं के साथ राजपत्रित अधिकारी, निरीक्षक और अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली साइबर सुरक्षा रैली
रैली की शुरुआत पीटीसी के परेड मैदान से हुई। इसके बाद यह डेली कॉलेज रोड, जिला जेल रोड, मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) कार्यालय और रेसिडेंसी क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर दोबारा पीटीसी परिसर पहुंची।
रैली के दौरान प्रशिक्षुओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े संदेश लिखे बैनर और पोस्टर हाथों में लेकर नागरिकों को जागरूक किया। साथ ही लोगों से ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की गई।
डीजीपी कैलाश मकवाना ने दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी कैलाश मकवाना ने भी साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
प्रशिक्षुओं को दिलाई गई साइबर सुरक्षा की शपथ
रैली के समापन पर सभी प्रशिक्षुओं और अधिकारियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। उन्हें इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड और अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत करें 1930 पर शिकायत
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Safe Click 2.0: साइबर अपराध के खिलाफ इंदौर पुलिस का बड़ा अभियान, रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक