भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने को समर्पित रहे मोदी सरकार के 9 वर्षः बाबूलाल मरांडी

कैरियर Jun 08, 2023

पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा- मोदी सरकार ने 9 वर्ष में किए अकल्पनीय कार्य
 

खबर नेशन / Khabar Nation

सीधी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विगत 9 वर्षों में जनता के कल्याण और देश के सर्वांगीण विकास के लिए अनेकों कार्यक्रम, योजनाएं लागू की हैं तथा अद्भुत और अकल्पनीय कार्य किए हैं। जिनसे सारी दुनिया में देश का गौरव बढ़ा है। वैश्विक स्तर पर देश का मान-सम्मान बढ़ा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 9 वर्ष का कार्यकाल भारत को महाशक्ति बनाने को समर्पित रहा है। यह बात झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने सीधी में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी भी उपस्थित रहीं।
कोरोना संकट में किया सफल नेतृत्व

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सूझबूझ के साथ देश का सफल नेतृत्व किया। इसी की बदौलत देश इस वैश्विक महामारी से निपटने में सक्षम रहा। एक तरफ जहां पूरी दुनिया ने कोरोना महामारी के सामने घुटने टेक दिए थे,  वहीं भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक नहीं, बल्कि दो-दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर जनता को निशुल्क उपलब्ध करवाई । इतना ही नहीं, बल्कि ये वेक्सीन दुनिया के कई देशों को भी उपलब्ध कराई।  उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति भूखा न रहे, इस ध्येय को ध्यान में रखते हुए मोदी सरकार ने यूरोप की आबादी से अधिक 80 करोड़  लोगों को निशुल्क अनाज उपलब्ध कराया। पीड़ितों की सेवा के लिए भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर मैदान में उतरा और जनता की सुरक्षा के लिए अपने आपको खतरों में झोंक दिया था।
 

मोदीजी के नेतृत्व में दुनिया में बढ़ी भारत की साख
श्री मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इन 9 वर्षों में दुनिया में भारत की साख बढ़ी है। पहले भारत जी 20 का सदस्य भी नहीं हुआ करता था, किंतु आज विश्व की महाशक्तियों के इस संगठन की अध्यक्षता कर रहा है। यह 140 करोड़ देशवासियों के लिए गौरव की बात है। इतना ही नहीं,  रूस यूक्रेन युद्ध के दौरान भारत के तिरंगे की ताकत दुनिया ने देखी है। जिन बसों में तिरंगा लगा हुआ था, दोनों देशों की सेनाओं ने युद्धविराम कर उन बसों को सुरक्षित कॉरिडोर बनाकर रवाना किया। यह हमारे प्रधानमंत्री जी की अकल्पनीय ताकत को दर्शाता है।
 

9 सालों में हुए विकास के अद्भुत कार्य
पूर्व मुख्यमंत्री श्री मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इन 9 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, रक्षा और देश के संपूर्ण विकास के लिए सभी प्रकार के कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के पहले देश में कुल 7 एम्स थे, जबकि पिछले 9 वर्षों के कार्यकाल में 15 नए बनाए गए। इन 9 वर्षों के कार्यकाल में 74 हवाई अड्डे, 15 शहरों में मेट्रो ट्रेन, स्वदेशी तकनीकी से फाइव जी संचार की शुरुआत हुई। ऑटोमोबाइल सेक्टर में पहले भारत सातवें स्थान पर था, जो कि तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। 2014 के पहले भारत अपनी रक्षा संबंधी जरूरतों के लिए दुनिया की ओर देखता था, लेकिन आज भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है। भारत में बने कई हथियार हम दुनिया को दे रहे हैं। भारत की सेटेलाइट तकनीकी का दुनिया लोहा मान रही है। विदेशों के उपग्रह आज भारत लांच कर रहा है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुशल रणनीति और राष्ट्रवादी सोच का परिचायक है। श्री मरांडी ने कहा कि पहले हमारे प्रधानमंत्री दुनिया के सामने गिड़गिड़ाया करते थे,  लेकिन आज का भारत आतंकवादियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक करके अपनी दृढ़ता का परिचय दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व की महा शक्तियों की आंख में आंख डाल कर बात करता है।  मोदी जी के नेतृत्व में आज हम दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं।
 

गुलामी की बेड़ियां तोड़ सांस्कृतिक अभ्युदय की ओर बढ़ रहा भारत
श्री मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों के कार्यकाल में भारत गुलामी की बेड़ियां तोड़कर सांस्कृतिक अभ्युदय के रास्ते पर बढ़ चला है। अयोध्या में श्री राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, महाकाल लोक इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पहले जार्ज पंचम की मूर्ति थी,  आज वहां सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा हैं। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है। आज भारत अपनी अलौकिक सांस्कृतिक धरोहर पर गर्व करते हुए, उसे सजाने और संवारने भी लगा हुआ है। नए संसद भवन का हाल ही में उद्घाटन हुआ है, जिस पर पूरे देश को अभिमान है। श्री मरांडी ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेडियाँ तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री  प्रधानसेवक के रूप में जनता जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश के सोचने के स्तर को ऊपर उठाया है। धारा 370 धाराशायी हो चुकी है, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हो चुकी है और आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की जा रही है। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है।
 

रोजगार देने वाला बन रहा देश का युवा
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत का युवा रोजगार देने वाला, रोजगार निर्माता बन गया है। पहले का युवा नौकरी और केवल नौकरी के पीछे दौड़ता था, किंतु आज का युवा स्टार्टअप, मुद्रा योजना आदि के माध्यम से असंगठित क्षेत्रों में नए-नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए हजारों लोगों को रोजगार देने वाला बन गया है। जिसके कारण महंगाई दर और बेरोजगारी में कमी आई है। एक तरफ जहां पूरी दुनिया कोरोना काल की महामारी के पश्चात मंदी के दौर से गुजर रही है, वहीं भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 7 प्रतिशत जीडीपी हासिल करके दुनिया को आश्चर्यचकित कर दिया है। भारत के पड़ोसी देश कंगाली के दौर से गुजर रहे हैं, किन्तु भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
गरीब कल्याण को समर्पित रहे 9 साल
श्री मरांडी ने कहा कि बीते 9 वर्षों में देश में लगभग 48 करोड़ लोगों के जन-धन एकाउंट खोले गए। उज्जवला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ गैस कनेक्शन वितरित किये गये। देश में लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई। 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया। 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक गरीबों को घर दिए गए हैं। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।  
 

नया भारत मोदी जी के सपनों का भारत है
पूर्व मुख्यमंत्री श्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला,  युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला,  किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला,  सबके लिए सहज और उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने वाला तथा निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है,  शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है। यह  मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला संगठन प्रभारी राजेश पाण्डेय, लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्रीमती रीती पाठक, आयोजन समिति के संयोजक इंद्र सिंह चौहान की विशेष उपस्थिति एवं भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ विक्रम सिंह चौहान, रविचंद्र सिंह परिहार, प्रमोद द्विवेदी, अमलेश्वर चतुर्वेदी, तुषार द्विवेदी, रामजी सिंह, जितेंद्र तिवारी, संदीप शर्मा, कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्रमणि दुबे ने किया और आभार प्रदर्शन जिला सह मीडिया प्रभारी डॉक्टर मनीला सिंह चौहान ने किया।

लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment