घोटालों, भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है शिवराज सरकार: जीतू पटवारी

कांग्रेस की दूसरे दिन की जन आक्रोश यात्रा

जनसैलाब बता रहा है, अब परिवर्तन आ रहा है: डॉ. गोविंद सिंह

प्रदेश की बदहाली के लिए शिवराज जिम्मेदार : सुरेश पचौरी

कर्नाटक की तर्ज पर भाजपा को जबाब देगी प्रदेश की जनता: अजयसिंह

भाजपा और उसके नेता भ्रष्टाचार, घपले घोटालों में लिप्त हैं: कांतिलाल भूरिया

भाजपा-आरएसएस बाबा साहब के बनाए संविधान को खत्म करना चाहती है: अरूण यादव

शिवराज सरकार में समाज का हर समाज परेशान एवं उपेक्षित है: कमलेश्वर पटेल

भोपाल,   सितम्बर,  2023

खबर नेशन/ Khabar Nation

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा आज दूसरे दिन 7 मार्गों के अपने निर्धारित स्थानों से गुजरी। यात्रा में कांग्रेस नेताओं ने जगह-जगह जनसभाऐं, नुक्कड़ सभायें, प्रेस वार्ताओं और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार, किसानों की दुर्दशा, बेरोजगारी, दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों को प्रदेश की जनता के बीच उजागर किया। वहीं 15 महीने की कमलनाथ सरकार की जनहितैषी नीतियों और कमलनाथ जी के कार्यों का बखान किया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने पर कमलनाथ जी द्वारा जनता के लिए दिये गये वचनों को भी बताया।  कांग्रेस नेताओं ने यात्राओं के दौरान स्थानीय जनमानस के बीच बताया कि कांग्रेस सरकार आने पर 100 रू. में 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जायेगी, 200 यूनिट पर आधा बिल लिया जायेगा, किसानों की फिर से कर्जमाफी होगी, प्रत्येक महिलाओं को 1500 रू. प्रतिमाह दिया जायेगा, 500 रू. में सिलेण्डर मिलेगा, किसानों को पांच हॉस पॉवर तक बिजली मुफ्त होने के साथ उनका पुराना बकाया बिजली माफ होगा, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की जायेगी और रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे।  कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह द्वारा की जा रही खोखली घोषणाओं को भी जनता के बीच उजागर करते हुये कहा कि भाजपा केवल वोट की राजनीति करती है। गौमाता के नाम पर राजनीति करती है। भ्रष्टाचार, घपलों-घोटालों की डबल इंजन की सरकार में हर वर्ग परेशान है।
मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कोलारस में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है। इस क्षेत्र में भाजपा की जो स्थिति आज देखने को मिल रही है, शायद कभी नहीं देखी होगी। भाजपा राज में दलाली, भ्रष्टाचार, अत्याचार, अन्याय और दलितों आदिवासियों के साथ जो घटनाएं घट रही है, उससे प्रदेश शर्मसार हुआ है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि अब परिवर्तन आ रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि शिवराज सिंह की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया, बल्कि रेत, शराब, जमीन, शिक्षा और पोषण आहार के माफियाओं को अपना संरक्षण जरूर दिया। इस भ्रष्टाचारी सरकार का अंत अब निकट आ गया है, इस बात में अब कोई संदेह नहीं रह गया है, 150 से अधिक सीटें जीतकर कांग्रेस की सरकार बन रही है। यात्रा में पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन जी ,पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे जी,विधायक धरमू सिंह,चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी, हेमंत बागद्रे आदि उपस्थित थे।
नेपानगर में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री कांतिलाल भूरिया ने कहा कि प्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे घोर अत्याचार भाजपा नेताओं की घटिया सोच को दर्शा रहे हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि शिवराज सिंह की भ्रष्ट और निकम्मी सरकार प्रदेश के विकास के बजाय माफिया को संरक्षण देने में व्यस्त है। यात्रा में हजारों की संख्या में शामिल स्थानीय जनसमुदाय में शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार और निकम्मेपन के विरुद्ध भारी जन आक्रोश व्याप्त है। सत्ता में 20 साल से बैठी शिवराज सरकार ही प्रदेश के पिछड़ेपन की जिम्मेदार है। ये भ्रष्टाचारी सरकार और उसके नेता केवल भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त हैं, प्रदेश के विकास से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि आदिवासी अत्याचार के मामले इतने बढ़ गए हैं कि आदिवासी समुदाय में भय का वातावरण बना हुआ है। एक बुजुर्ग आदिवासी की चप्पलों से पिटाई की गई है, यह घटना न केवल घोर निंदनीय है। यात्रा में प्रदेश के सह प्रभारी श्री संजय दत्त, श्रीमती विभा पटेल, विक्रांत भूरिया, कैलाश कुंडल, सुरेंद्र सिंह शेरा, मनोज राजानी आदि शामिल थे।  मप्र विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा ने कर्नाटक में कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराकर अपनी सरकार बनाई थी। इसका कर्नाटक की जनता ने जिस प्रकार जवाब दिया उसी प्रकार मप्र की जनता भी भाजपा को कर्नाटक की तर्ज पर करारा जबाब देगी। भाजपा ने खरीद-फरोख्त कर कांग्रेस की चुनी हुई सरकार को गिराया। उन्होंने 50 प्रतिशत कमीशन का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा कोई विभाग नहीं है जहां पर बिना पैसे के कोई काम होता हो। गरीबी रेखा में नाम जोड़ने, वृद्धावस्था और निराश्रित पेंशन एवं प्रधानमंत्री आवास तक के लिए लोगों को घूस देनी पड़ रही है। यात्रा में प्रदेश प्रभारी संजय कपूर, प्रताप भानु शर्मा, राजेंद्र शर्मा, लखन खंडेलवाल, महापौर अजय मिश्रा बाबा, पूर्व विधायक राजेंद्र मिश्रा सुखेंद्र सिंह बना सहित वरिष्ठ नेता मौजूद थे।  अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर आम जनता एवं किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मंहगाई एवं बेरोजगारी से जनता जहाँ हलाकान है वहीं मनमाना बिजली बिल एवं कर्ज वसूली के नाम पर किसानों के साथ थर्ड डिग्री जैसा प्रयोग किया जा रहा है। यहाँ तक की बिल वसूली एवं कर्ज वसूली के नाम पर लोगों रोजमर्रा जरूरत की वस्तुएं भी जप्त की जा रही हैंद्य श्री अजय सिंह ने कहा कि सार्वजनिक मंचों से झूठी घोषणाओं करके सरकार अपने पापों पर परदा डालने के लिए जनता को गुमराह करने की जो कोशिश कर रही है, उसे जनता अब अच्छी तरह से समझ चुकी है वह उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।  पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव ने बुंदेलखंड क्षेत्र के पथरिया में जन आक्रोश यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस बाबा साहब के बनाए संविधान को खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रंगा-बिल्ला, और मप्र में बंटी-बबली और बुंदेलखंड में लबरा और दौन्दा की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरपंच साथी बता रहे है कि दो लाख रूपये के काम के लिये एक लाख रूपये की रिश्वत जनपद में देना पड़ रही है। बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा है। किसान भाईयों को फसलों के दाम नहीं मिल रहे। पूर्व मंत्री विधायक जीतू पटवारी ने नीमच जिले के जावद विधानसभा में जन आक्रोश यात्रा में कहा कि आज प्रदेश का किसान परेशान है, उनकी फसलांे बर्बाद हो गई, किंतु सरकार ने उन्हें कोई मुआवजा नहीं दिया। जहां देखो वहां घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला, नर्सिंग घोटाला, ई टेंडर घोटाला, व्यापमं, महाकाल लोक घोटाला, आदिवासी जमीन घोटाला, आयुष्मान घोटाला, कारम बांध घोटाला, पोषण आहार घोटाला, ऐसे 250 से अधिक घोटाले भाजपा सरकार में हुये हैं, लेकिन शिवराज जी का पेट अभी तक नहीं भरा है। शिवराज जी झूठ बोलकर जतना को लगातार गुमराह कर रहे हैं लेकिन अब उनका झूठ जनता समझ चुकी है।  
पूर्व मंत्री एवं विधायक श्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश की सीधी सादी जनता को इस सरकार ने आर्थिक एवं मानसिक परेशान किया है। शिवराज सिंह चौहान को 19 साल लाडली बहनों की याद नहीं आई चुनाव के 3 महीने पहले बहाने याद आई कमलनाथ जी के नेतृत्व में बनने वाली सरकार में जनता को राहत के साथ विकास के कामों को बिना किसी भेदभाव के शुरू किया जाएगा। समूचे प्रदेश में चारों ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार 50 प्रतिशत कमिशन और लूट की खुली छूट चल रही है। भाजपा गुमराह करने, ध्यान मोड़ने, दबाने और डराने का काम कर रही है। शिवराज राज के खि़लाफ़ जनता में जो असंतोष है, वो अब ‘‘जन आक्रोश’’ में तब्दील हो गया है। यात्रा में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ज्ञानेंद्र द्विवेदी श्रीमती अर्चना सिंह आदि रोड शो में शामिल हुये।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा जहां से भी गुजर रही है, जनता का पूरा समर्थन देखने को मिला रहा है। भारी संख्या में यात्रा में जनसमूह एकत्र हो रहा है और भाजपा के खिलाफ खुलकर सामने आ रहा है। जनता भाजपा को उखाड़ फेकने के लिए आतुर बैठी है।

सबसे बड़ा सर्वे :

मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?

जवाब देगी जनता 

मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।

जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?

कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री

जनता फैसला करेगी।

हम सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है । दी गई लिंक पर अपना मत देकर सर्वे प्रक्रिया में भाग ले  । आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।

https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLSf-khKny25Yx7o5ZlIAGWxfNC_QdWCsmI4FnYPSf2CwiHqFXA/viewform?usp=sf_link

धन्यवाद

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment