कांग्रेस के 70 साल के कुशासन का दंश सबसे अधिक अजा वर्ग को झेलना पड़ा

केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री ने अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को किया संबोधित

खबर नेशन/ Khabar Nation

भोपाल। देश में कांग्रेस ने 70 सालों तक राज किया, लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ जनता के साथ धोखा किया। कांग्रेस के 70 साल के कुशासन के दंश को सबसे अधिक अनुसूचित जाति और अल्पसंख्यक वर्ग को झेलना पड़ा। भारत के संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर बने तो कांग्रेस ने साजिश के तहत उन्हें लोकसभा में जाने से रोका। बाबा साहब को भारतरत्न न मिले, इसका भी षड़यंत्र कांग्रेस ने किया। पंच महातीर्थ के विकास को अवरूद्व किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद सबसे अधिक गरीब कल्याण पर अधिक ध्यान दिया। देश में प्रधानमंत्री जी का एक मात्र उद्देश्य गरीबी उन्मूलन रहा। जब तक गरीबी नहीं हटेगी तब तक समाज समरस समाज नहीं बन सकता। हमारा विषय समाज को समरस समाज बनाना है। भाजपा गरीब मुक्त भारत के लिए काम कर रही है, इसलिए हमें मध्यप्रदेश में अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव जीतना होगा। यह बात केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने रविवार को पार्टी कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कही।

भाजपा का उद्देश्य, हर वर्ग का चहुंमुखी विकास

केन्द्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में अनेक दल और पार्टियां बनीं, जिनका उद्देश्य आपस में लड़ाकर वैमनस्यता फैलाना रहा, लेकिन भाजपा का उद्देश्य हर वर्ग का समुचित विकास करना रहा। कांग्रेस के 70 सालों में देश पिछड़ने के साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग का बड़ा नुकसान हुआ, क्योंकि कांग्रेस ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की है। इसी का परिणाम है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी तक ही सिमटकर रह गई। परिवार से बाहर कांग्रेस की सोच नहीं निकल पाई। 9 वर्ष की प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश के चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक विकास में मोर्चों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मोर्चा पार्टी का ही अग्रिम दस्ता है, जो वर्ग विशेष के विषय को लेकर जनता के बीच जाता है और काम करता है। भाजपा की राजनीति का उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास है। कांग्रेस ने 70 सालों तक राज तो किया लेकिन गरीबी नहीं हटी। सामाजिक मान्यताओं के विषय जो पीछे छूटे हुए थे, उन्हें आगे बढ़ाने काम भाजपा सरकार कर रही है। बाबा साहब के पंचतीर्थ से लेकर संत रविदास मंदिर निर्माण की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा रखी गई है। यहां तक कि विदेश दौरे में भी प्रधानमंत्री ने इसका उल्लेख कर संत रविदास जी का मान बढ़ाया है। ये हमारी पार्टी है, ये हमारा विचार है, जो संत जी के समरस समाज के संदेश को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा के चुनाव हैं, ऐसे में बहुत सारे भ्रम फैलाए जाएंगे, इनका जवाब देने के लिए हमें काम करना होगा। समाज के अंदर द्वंद फैलाने वालों को जवाब देने के लिए हमें एकजुटता के साथ काम करना होगा। इस लड़ाई के लिए हमें नियमित बैठकें कर समाज को जागरूक करना होगा। साथ ही 150 सीटों के विजय संकल्प के अभियान को लेकर आगे बढ़ना होगा, तभी हम प्रधानमंत्री जी के सही अर्थो में आत्मनिर्भर भारत के लिए हम तैयार हो पाएंगे।

हर वर्ग के चहुंमुखी विकास की योजनाएं हमारी ताकतः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। मिस्टर बंटाढार की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया। जबकि करप्टनाथ की सवा साल की सरकार में वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया था। इन्होंने सिर्फ जनता से झूठे वादे किए। जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि हम यहां से एक रूपए भेजते हैं तो 15 पैसे ही धरातल पर पहुंच पाता है। लेकिन आज पूरा एक रूपए लोगों के खाते में पहुंच रहा है। यह भारतीय जनता पार्टी है, जो कहती है वह करती भी है। आज जनधन खाते में 48 करोड़ लोगों के खाते में पैसा भेजा जा रहा है। आज दलाल-बिचौलिए गायब हैं, कोई पैसा नहीं खा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों के खाते में रक्षाबंधन की उपहार राशि भेजी है। पैसे के अभाव में गरीबों का उपचार नहीं हो पाता था लेकिन आज आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपए तक मुफत उपचार हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्का मकान बनाकर उन्हें छत प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अजा मोर्चा को हारने वाले बूथों पर सबसे अधिक ध्यान देना होगा। आज मुस्लिम समाज का भी भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है। सरकार की योजनाओं से इस वर्ग का जीवन स्तर बदला है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जाति वर्ग का सबसे अधिक वोट भाजपा को मिला है। मोर्चा कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर सरकार की नीतियों से रूबरू कराकर उन्हें भाजपा के प्रति विश्वास दिलाना है।

26 हजार बूथों को जीतने को लेकर काम करें एससी मोर्चाः हितानंद जी

प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि भारत के इतिहास में भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जिसने चुनाव से 100 दिन पहले प्रत्याशी घोषित किए हैं। जबकि कांग्रेस पिछले 6 महीने से बोल रही थी कि हमारी सूची आने वाली है लेकिन वह सूची गुटबाजी में अटक गई। चुनाव में हमारी जमीनी स्तर पर तैयारी है और हम इसे लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें बूथ स्तर पर मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी करनी होगी। इसके लिए हमें करणीय कार्यों पर ध्यान देना होगा। चुनाव में अनुसूचित जाति मोर्चा की बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है। समाज में वैमनस्यता फैलाने वालों को हमें विकास कार्यों के बल पर जवाब देना होगा। इसके लिए केन्द्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं के हितग्राहियों की सूची बनाकर सतत् संपर्क और उन्हें पार्टी की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास करें। प्रदेश सरकार ने 20 वर्ष में गरीब कल्याण को लेकर कराए गए रिपोर्ट कार्ड के बारे में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को बताना और उन हितग्राहियों की सूची तैयार करके उन्हें पार्टी की रीति-नीति से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मतदाता सूची पुर्ननिरीक्षण का काम चल रहा है, इसलिए आप सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि प्रदेश के 26 हजार अनुसूचित जाति वर्ग के मतदान केन्द्रों पर छूटे हुए नामों को मतदाता सूची में जुड़वाएं, क्योंकि चुनाव में यह मतदाता व सूची हमारा अस्त्र होती है। हमें हर बूथ पर 10 नवमतदाताओं को जोड़ने का काम करना है। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर मतदाताओं से संपर्क करना होगा। समाज में पहचान रखने वालों से संपर्क कर करना होगा। छोटे स्तर पर सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, चिकित्सक, फेरी वाले व अन्य लोग होते हैं, जिनका बड़ा संपर्क और अनुभव होता है, उन्हें भी पार्टी से जोड़ने का प्रयास हमें करना चाहिए।
  बैठक को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पंकज जोशी एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने भी संबोधित किया।

लिखें और कमाएं       

मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:

गौरव चतुर्वेदी

खबर नेशन

9009155999

Share:


Related Articles


Leave a Comment