उत्तराखंड दौरे पर शिवराज सिंह चौहान: ‘खेत बचाओ अभियान’ में किसानों से करेंगे सीधा संवाद, धामी संग होगी उच्चस्तरीय बैठक
देहरादून/नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 26 जून को उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। उनका यह पूरा दौरा किसानों, कृषि क्षेत्र और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।
अपने दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान रुद्रपुर में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत किसानों के बीच पहुंचेंगे। यहां वे खेतों का निरीक्षण करेंगे, फसलों की स्थिति का जायजा लेंगे और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे।
पंतनगर में पूर्व छात्र सम्मेलन में होंगे शामिल
दौरे की शुरुआत गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन से होगी। इस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और विद्यार्थी भी शामिल रहेंगे।
सीएम धामी के साथ उच्चस्तरीय बैठक
इसके बाद रुद्रपुर में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहेंगे। पंतनगर में मुख्यमंत्री धामी के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें कृषि के समग्र विकास, किसान कल्याण योजनाओं, ग्रामीण विकास और केंद्र-राज्य समन्वय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
योजनाओं की समीक्षा और नई रणनीति पर मंथन
इस बैठक में यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जाएगा कि केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। साथ ही कृषि क्षेत्र में नई गति देने के लिए रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा।
उत्तराखंड दौरे पर शिवराज सिंह चौहान: ‘खेत बचाओ अभियान’ में किसानों से करेंगे सीधा संवाद, धामी संग होगी उच्चस्तरीय बैठक