बांधवगढ़ से सटे गांव में जंगली हाथी का आतंक, मकान पर किया हमला; परिवार ने भागकर बचाई जान

उमरिया जिले के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को मानपुर बफर परिक्षेत्र के गाटा गांव में एक जंगली हाथी आबादी वाले इलाके में घुस आया और एक मकान पर हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, जंगली हाथी ने ग्रामीण राजकुमार कुशवाहा के मकान पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा घर के पास लगे केले और कटहल के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा।

परिवार ने दूसरे दरवाजे से भागकर बचाई जान

घटना के समय मकान के अंदर परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे। मकान टूटने की आवाज सुनते ही सभी लोग दूसरे दरवाजे से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

वन विभाग ने शुरू की निगरानी

घटना की सूचना मिलते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का वन अमला मौके पर पहुंचा और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि हाथी दिखाई दे तो उसके पास जाने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से गाटा और आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग की है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment