दो तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार - नरेन्द्र सिंह तोमर

बुधनी पहुंची जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल हुए केन्द्रीय मंत्री तोमर, जनता से मांगा आशीर्वाद
खबर नेशन/ Khabar Nation
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी की सरकार जन सेवा का काम करती है और चुनाव से पहले जनता का आशीर्वाद लेने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा निकालती है। पहले भारतीय जनता पार्टी की यात्रा निकलती थी तो सभी स्थानों पर नहीं पहुंच पाते थे, इसलिए इस बार 5 यात्राएं निकली है, जो प्रदेश के अलग अलग स्थानों से शुरू होकर हर विधानसभा तक पहुंची है। मैं हस यात्रा में चला हूं और देख रहा हूं कि जनता का अपार स्नेह और समर्थन भाजपा को मिल रहा है। यात्रा को मिल रहा समर्थन इस बात का प्रमाण है कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनायेगी। यह बात केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को जन आशीर्वाद यात्रा के अंतर्गत बुधनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
नीमच से प्रारंभ हुई जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को बुधनी विधानसभा पहुंची। बुधनी में हुए रोड शो में केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश शासन के मंत्री श्री राज्यवर्द्धन सिंह, श्री कार्तिकेय सिंह चौहान रथ पर सवार थे। जगह जगह यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत हुआ। सैकड़ों की संख्या में युवा दो पहिया वाहनों पर सवार होकर भारत माता की जय के उदघोष के साथ चल रहे थे। ग्राम पांडाडोर में यात्रा का जगह जगह उत्सवी माहौल था।
बुधनी ने ऐसा नेता दिया जिसने भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश की तस्वीर बदली
श्री तोमर ने कहा कि 230 विधानसभा में कोई एक विधानसभा ऐसी होती है जिसका नेता मुख्यमंत्री बन पाता है। बुधनी ने शिवराज जी के रूप में ऐसा नेता दिया जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में मध्यप्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है। उन्होंने जनता से कहा कि आप लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी को जिताते आए है। इस चुनाव में आप शिवराज जी को जिताओंगे ही लेकिन पूरे मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी जीते, और बुधनी के साथ सभी 230 विधानसभाओं में कमल खिले, इस बात का संकल्प लेकर काम करना है।
डबल इंजन की सरकार से देश और प्रदेश में विकास की गति बढेगी
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने गांव, गरीब और किसान की चिंता की है। किसानी के मामले में पहले हरियाणा का नाम आता था, मगर आज शिवराज जी के प्रयासों से मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में सिरमौर राज्य बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सारी दुनिया में भारत की साख बढी है। देश और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार से विकास की गति बढ़ेगी, इसलिए हमें फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार केन्द्र और राज्य में बनानी है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से देश की राजनीति के आयाम बदलेंगे
श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नई संसद मात्र 22 महीने में बना दी और पहला सत्र भी हो चुका है। पहले सत्र में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने पर मोहर लगी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने स्थानीय निकायों में बहनों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया था। अब प्रधानमंत्री जी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इससे बहनों का सशक्तिकरण होगा। देश की राजनीति के आयाम बदलेंगे और निर्णय प्रक्रिया में बहनों की भागीदारी बढेगी। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत आबादी कदम से कदम मिलाकर चलेगी तो देश का भला होगा और प्रगति की ओर अग्रसर होगा।
सभा को श्री कार्तिकेय सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। मंच पर प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री श्री राज्यवर्द्धन सिंह दत्तीगांव, यात्रा प्रभारी श्री बंशीलाल गुर्जर, सह प्रभारी श्री तेज बहादुर सिंह चौहान, सांसद श्री रमाकांत भार्गव, जिलाध्यक्ष श्री रवि मालवीय, श्री रज्जू भैया, श्री रघुनाथ सिंह भाटी मंचासीन थे।
सबसे बड़ा सर्वे :
मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?
जवाब देगी जनता
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।
जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?
कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री?
जनता फैसला करेगी।
हम सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है । दी गई लिंक पर अपना मत देकर सर्वे प्रक्रिया में भाग ले । आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
धन्यवाद
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999