किसानों को धोखा दिया, बेरोजगार युवाओं का मजाक उड़ा रही प्रदेश सरकार: राकेश सिंह

राजनीति Mar 14, 2019

विजय संकल्प यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने ली सभाएं

खबरनेशन/Khabarnation 

अशोकनगर। कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए किसानों से दो लाख तक का कर्ज माफ करने का वादा किया था। प्रदेश के युवाओं से भी रोजगार और बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था। लेकिन न कर्ज माफी हुई और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता मिला। सरकार की कर्जमाफी की मंशा ही नहीं थी, इसलिए पहले किसानों से लाल-पीले फॉर्म भरवाए और अब आचार संहिता का बहाना लेकर कर्जमाफी टाल दी है। इसी तरह युवाओं से रोजगार के नाम पर जानवरों का हांका जैसा काम करने को कहा जा रहा है। प्रदेश के किसान और युवा आक्रोशित हैं। जिस तरह मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कर्जमाफी के नाम पर माफी मांगी है, अब प्रदेश का किसान भी उनसे माफी मांग रहा है और कह रहा है कि हमारा वोट प्रधानमंत्री मोदी को जाएगा, ताकि देश में फिर भाजपा की सरकार बन सके। यह बात गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने विजय संकल्प यात्रा के दौरान अशोकनगर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कही।

हमें दबाने की कोशिश न करे सरकार

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद से भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री को चेतावनी देता हूं कि भाजपा का कार्यकर्ता कोई रसगुल्ला नहीं है, जो खा जाए। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ता की तरह आंख भी उठी तो हम सड़कों पर लड़ाई लड़ेंगे। कोई हमें दबाने की कोशिश न करे,  जब हम बदलते हैं तो इतिहास बदल जाते हैं।

भ्रष्ट कांग्रेस को सत्ता में आने का हक नहीं

कांग्रेस ने जमीन से आसमान तक घोटाले करके विश्व में देश की छवि धूमिल की। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस को सत्ता में आने का हक नहीं है। चौहान ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, इसलिए कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। जबसे मोदी सरकार बनी है,  दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले को दुर्घटना बताने वाली कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है। लेकिन हमें देश के सम्मान, सुरक्षा और विकास के लिए नरेन्द्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है।

सड़क पर खड़ी जनता पूछ रही, वादों का क्या हुआ 

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने एक मंच से कहा था कि ऐसी सरकार देंगे जो किसानों के लिए, युवाओं के लिए, गरीबों के लिए, माता-बहनों के सम्मान के लिए काम करने वाली होगी। ये सब तो अब सड़क पर खड़े हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता, मुख्यमंत्री जी, कहां हैं। सिंधिया जी जनता ढूंढ रही है, आप कहां हैं। जनता पूछ रही है, जो वादे किए थे उनका क्या हुआ।

अब देश में मोदी जी की सरकार है

राकेश सिंह ने कह कि देश में मां भारती का ज्वार उबल रहा है। आजाद भारत के इतिहास में देश को पहली बार नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला है। देश की सीमाएं वही हैं, सेनाएं वही हैं, गोला-बारूद और हथियार भी वही हैं, लेकिन आज देश के सैनिकों का मनोबल आसमान छू रहा है। क्योंकि गोलियां चलने पर सफेद झंडे दिखाने वाला ये देश अब उन तीन देशों में शामिल हो गया है, जो अपने सैनिकों पर हमले का बदला दुश्मन के घर में घुस कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि पहले पाक की तरफ से गोली चलती थी, तो हमारे सैनिक सफेद झंडा दिखाते थे, गोली चलाने के लिए केंद्र से परमिशन नहीं मिलती थी। अब एक गोली के बदले गोलियों की बौछार होती है, क्योंकि देश में मोदी जी की सरकार है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment