कांग्रेस ने विनाश किया था: शिवराजसिंह चौहान

खबरनेशन / Khabarnation 

 

मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के नेताओं को जनता पर आता है गुस्सा

                शुजालपुर। कांग्रेस ने 54 साल तक प्रदेश में सरकार चलाई, लेकिन इन 54 वर्षों में उन्होंने प्रदेश में विनाश करने का काम किया है। अब भाजपा की सरकार ने 15 वर्षों में विकास किया है,  तो यह विकास भी उनको रास नहीं आ रहा है, इसलिए आजकल वे भाजपा के विकास पर गुस्सा कर रहे हैं। कांग्रेस की मानसिकता ही गुस्सा करने वाली है, उनके नेताओं को जनता के उपर भी गुस्सा आता है। अब वे भाजपा सरकार पर गुस्सा निकाल रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा के गुलाना में भाजपा प्रत्याशी इंदरसिंह परमार के समर्थन में सभा कर रहे थे।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखा है। सभी वर्गों के लिए सरकार ने योजनाएं संचालित की हैं। किसानों को सिंचाई के लिए पानी देने का काम किया है, गरीबों के लिए संबल जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। गरीबों को 200 रूपए महीने में बिजली देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार मध्यप्रदेश में थी तो किसानों को बिजली नहीं मिलती थी, लोगों को अंधेरे में रहने पर मजबूर होना पड़ता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 15 वर्षों में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा किया है और अगले पांच वर्षों में इसे समृद्धशाली राज्य बनाना है।

                उन्होंने कहा कि किसानों के लिए भाजपा की सरकार ने अपना खजाना हमेशा खुला रखा। उन्होंने कहा कि गरीबों और किसानों के लिए हमारी चिंता हमारे दृष्टिपत्र में झलकती है। इस मौके पर पार्टी प्रत्याशी श्री इंदरसिंह परमार, वरिष्ठ नेता श्री विजेंद्र सिंह सिसौदिया, जिलाध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह वैश्य, पूर्व विधायक श्री नेमीचंद जैन, श्री दिनेश शर्मा, श्रीमती बबीता परमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन भी मौजूद रहे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment