केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भव्य रथ को किया रवाना
देश के विकास के लिए मध्यप्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार जरूरीः अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने श्योपुर में वर्चुअली माध्यम से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ
रथ पर सवार होकर आशीर्वाद मांगने निकले केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर
खबर नेशन/ Khabar Nation
श्योपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के विकास का एक नया युग शुरू हुआ है। देश इसी तरह विकास करता रहे, इसके लिए मध्यप्रदेश में भी भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाना जरूरी है। इसलिए आप सभी से यह आग्रह करता हूं कि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दें। यह बात केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने श्योपुर में पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कही। सभा को केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश सह चुनाव प्रभारी श्री अश्विनी वैष्णव एवं वर्चुअली माध्यम से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया।
150 से अधिक सीटें देकर भाजपा की सरकार बनाएं
केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने मौसम की खराबी के कारण श्योपुर न पहुंच पाने के लिए सभा में उपस्थित जनसमुदाय से क्षमा मांगते हुए यह वादा किया कि इसी चुनाव अभियान में श्योपुर अवश्य आऊंगा। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 2003 से 2023 तक के 20 सालों में बीमारू मध्यप्रदेश को बेमिसाल मध्यप्रदेश बनाया है। उन्होंने कहा कि ये अमृतकाल का समय है, देश को महान बनाने का समय है। चाहे किसानों को बिजली-पानी उपलब्ध कराना हो, गरीबों को घर और अनाज उपलब्ध कराना हो, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों का कल्याण करना हो, सभी के लिए मध्यप्रदेश और केंद्र सरकार अनेकों योजनाएं चला रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से तरक्की कर रहे हैं। विकास की यह रफ्तार बनी रहे, इसके लिए आप भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दें और 150 से अधिक सीटें देकर भाजपा की सरकार बनाएं।
भाजपा सरकार ने बहनों को बनाया आत्मनिर्भरः नरेन्द्र सिंह तोमर
केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि बारिश की वजह से हमारे अतिथि यहां नहीं आ पाए लेकिन जन आशीर्वाद के रूप में जनता के आशीर्वाद के साथ-साथ भगवान का आशीर्वाद भी बरसात के रूप में हमें मिल रहा है। हमारा प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है और उसके साथ-साथ श्योपुर भी विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन को पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि श्योपुर में बनने वाले डेम से सिंचाई और बिजली की परेशानी दूर होगी। श्योपुर में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है, यहां के बच्चे-बच्चियों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए अब बड़े शहरों की और नहीं दौड़ना पड़ेगा। प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, प्रतिभा किरण जैसी तमाम स्कीम चलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है।
जन आशीर्वाद यात्रा को आशीर्वाद देकर विकास के पहिए को आगे बढ़ाएंः शिवराजसिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। लाड़ली बहना येजना ने बहनों की जिंदगी बदल दी है। जनकल्याणकारी योजनाओं के सहारे प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश का हर क्षेत्र में विकास हुआ है। आज प्रदेश विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा है लेकिन कांग्रेस की सवा साल की सरकार ने योजनाओं पर ताले डालने का काम किया है। प्रदेश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। जन आशीर्वाद यात्रा को अपना आशीर्वाद दीजिए और फिर से भाजपा की सरकार बनाकर प्रदेश के विकास के पहिए को आगे बढ़ाइए। उन्होंने कहा कि मानपुर में चंबल, सीप और बनाथ नदियों का संगम है। जिसे तीर्थ स्थल घोषित करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। इस क्षेत्र को तीर्थ स्थल घोषित कर विकास कराया जाएगा।
कोटा तक होगा ब्राडगेज लाइन का विस्तारः अश्विनी वैष्णव
केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश सह चुनाव प्रभारी श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि ग्वालियर से श्योपुर रेलवे लाइन को शुरू करवाने में क्षेत्रीय सांसद श्री नरेंद्र सिंह तोमर का विशेष प्रयास रहा है। उनके ही प्रयास से भारत सरकार द्वारा 181 किलोमीटर लंबी नेरोगेज लाइन को ब्रॉड गेज लाइन में बदलने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें से भारत सरकार के द्वारा 37 किलोमीटर की लाइन पूरी तरह से कंप्लीट हो चुकी है। इसका ट्रायल भी हो चुका है। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री तोमर का विशेष प्रयास ही है कि यह काम इतनी जल्दी पूरा हो रहा है। अगले चार माह में कैलारस तक इस लाइन का विस्तार होगा। इसके बाद सबलगढ़ और श्योपुर फिर आगे कोटा तक इस लाइन को ले जाएंगे। इसके साथ ही श्योपुर रेलवे स्टेशन को यहां के लोगों के आईडिया के अनुसार ही वर्ल्ड क्लास लेवल पर डेवलप किया जाएगा। इसके लिए पांच सदस्य समिति सांसद के द्वारा बनाई जाएगी, जो सदस्य समिति के हिस्सा होंगे वह अपने सुझाव भी स्टेशन बनाने के लिए दे पाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस सरकार जब केंद्र में थी तो मध्य प्रदेश के लिए केवल 632 करोड़ रुपए रेलवे का बजट तय किया गया था। जबकि अब मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर 13000 करोड़ कर दिया है तो निश्चित तौर पर रेलवे की बेहतरीन सर्विस मध्य प्रदेश वासियों को मिलेगी।
जन आशीर्वाद यात्रा प्रदेश की साढ़े नौ करोड़ जनता के सम्मान की यात्राः ज्योतिरादित्य सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत आज श्योपुर से हुई है। यह जन आशीर्वाद यात्रा भारतीय जनता पार्टी एवं मध्य प्रदेश सरकार की यात्रा नहीं बल्कि प्रदेश की 9.50 करोड़ जनता के मान-सम्मान की यात्रा है। मध्य प्रदेश की जनता ने 2003 में भारतीय जनता पार्टी पर जो विश्वास जताया था उस पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। प्रदेश को विकास और प्रगति के मामले में शिखर पर पहुंचाया है। कांग्रेस ने 56 सालों तक मध्यप्रदेश में राज किया लेकिन विकास के नाम पर सिर्फ प्रदेश को बीमारू राज बनाया। जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। मध्यप्रदेश में कराए गए विकास कार्यों के बल पर फिर से मध्यप्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
वरिष्ठ नेताओं ने रथ को किया रवाना, जनता का आशीर्वाद मांगने निकले केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर
केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश सह चुनाव प्रभारी श्री अश्विनी वैष्णव व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर किया। जबकि यात्रा रथ पर स्थानीय सांसद, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह जाट, श्री दुर्गा लाल विजय, जिला संयोजक श्री कैलाश नारायण गुप्ता आदि सवार थे। उसके बाद यह रथ यहां से रवाना हुआ और श्योपुर कस्बे की मुख्य सड़कों एवं बाजार में भ्रमण किया। क्षेत्रीय लोगों द्वारा हर गली चौराहे और सड़क पर पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी व प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर रावत, श्री महावीर सिंह सिसोदिया, सांसद श्री केपी यादव, जन आशीर्वाद यात्रा प्रभारी श्री विजय दुबे, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यात्रा के संयोजक श्री मुकेश सिंह चौधरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता श्री बृजगोपाल लोया, प्रदेश मीडिया विभाग के सदस्य श्री बृजराज सिंह, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, श्री दौलत राम गुप्ता, श्री गोपाल आचार्य, विजयपुर विधायक श्री सीताराम आदिवासी, श्री सुरेन्द्र जाट, श्री कैलाश नारायण, श्री अशोक गर्ग, श्री रामलखन नापाखेड़ली, महामंत्री श्री शशांक भूषण आदि उपस्थित रहे।
सबसे बड़ा सर्वे :
मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?
जवाब देगी जनता
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।
जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?
कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री?
जनता फैसला करेगी।
हम शीघ्र ही सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है। आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
धन्यवाद
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999