गांधी के सिद्धान्तों को भूले कांग्रेसी

 

- कांग्रेसियों ने कार्यक्रम के बाद फ़ैलाया कचरा

देवेन्द्र वैश/खबर नेशन/Khabar Nation
होशंगाबाद। कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को सतरस्ते पर किसान मजदूर बचाओ दिवस के नाम पर कार्यक्रम किया। इसमें मजदूरों के हित की बात करते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। खास बात यह रही थी महात्मा गांधी की जयंती पर हुए कार्यक्रम में उनके सिद्धांतों पर चलने की बातें भी कांग्रेस के नेताओं ने कहीं, लेकिन कांग्रेसी कार्यक्रम में खुद गांधी के स्वच्छता के सिद्धांतों को भूल गए। कार्यक्रम में जिलेभर से लोगों को बुलाया गया और पीने के पानी के पाउच, खाने की सामग्री उन्हें बांटी गई। लेकिन उन्हें स्वच्छता बरतते हुए एक स्थान पर कचरा फेंकने की नसीहत नहीं दी गई। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में प्लास्टिक का कचरा फैला दिया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यह भी नहीं देखा गया कि शहर का हृदय स्थल सतरस्ता गंदा हो गया है। स्थिति यह रही कि जो भी यहां से निकला गंदगी को देखकर मुंह मोड़ लिया। कांग्रेस के कार्यक्रम की चर्चा से  ज्यादा उनकेे द्वारा फैलाए गए कचरे की चर्चा ज्यादा हो रही है।

 हमने रखे थे डस्टबिन 
कार्यक्रम स्थल पर जब देर रात तक कचरा पड़ा रहा और नगर पालिका ने सफाई नहीं की तो लोगों ने सोशल मीडिया पर फोटो डालना शुरू कर दिया  कार्यक्रम से ज्यादा गंदगी की चर्चा होने लगी तो जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र फौजदार को जवाब देना पड़ा। उन्होंने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा जनहित से सम्बंधित कार्यक्रम कराया था। कार्यक्रम के दौरान 6 डस्टबिन रखवाए गए थे।  कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने डस्टबिन में कचरा नहीं डाला। इससे थोड़ा बहुत कचरा  डस्टबिन से बाहर हो गया। हमारे कार्यकर्ता रात को ही कार्यक्रम स्थल पर फैले कचरे को उठाकर सफाई अभियान चलाएंगे। लेकिन रात 10 बजे तक न  कांग्रेस जिला अध्यक्ष का कोई कार्यकर्ता पहुंचा ना ही वे खुद सफाई अभियान चलाते हुए देखें गए।

एनओसी में रहेगा स्वच्छता संबंधी नोट
- शहर में कोई भी राजनीतिक या अन्य किसी प्रकार का कार्यक्रम सार्वजनिक स्थानों पर होगा तो उसके संबंध में नगर पालिका द्वारा जो एनओसी दी जाएगी उसमें स्वच्छता संबंधी नोट विशेष तौर पर दिया जाएगा। इसमें संबंधित को सफाई और स्वच्छता बरतने को कहा जाएगा।
-माधुरी शर्मा नगरपालिका सीएमओ

Share:


Related Articles


Leave a Comment