मोर्चा किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आज प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के बीच जाकर निरंतर प्रवास कर किसानों से सतत संवाद बनाए और उन्हें योजनाओं का लाभ और बेहतर तरीके से मिले इसमें अपनी भूमिका तय करे। मोर्चा आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगा। उन्होंने मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को विगत दिनों किसान मोर्चा द्वारा आयोजित किसान सम्मान यात्रा के सफल आयोजन पर बधाई दी।

बैठक को पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि किसान मोर्चा केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने में प्राणपण से जुटा हुआ हैं, जिसका लाभ आने वाले चुनाव के दौरान परिलक्षित होगा।

मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने कहा कि इस भीषण गर्मी से किसान भाईयों को राहत देने के उद्देश्य से मोर्चा प्रदेश की मंडियों और खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिये शीतलपेय के वितरण की व्यवस्था करेगा। यह व्यवस्था 25 मई से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलेगी। रावत ने कहा कि मोर्चा सेवाभाव के साथ इस कार्य को करते हुए किसानों को राहत देने का प्रयास करेगा। मोर्चा के इस प्रयास में समाजसेवी भी सहयोग करेंगे।

बैठक में रावत ने प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को बताया कि 27 मई से मोर्चा के पदाधिकारी विभिन्न जिलों में प्रवास पर रहेंगे। रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवा किसानों तक पहुँचाया जायेगा। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment