विशाल नेत्रशिविर एवं ‘‘नेवज कृष्णा’’ सम्मान का आयोजन
318 मरीजों का निशुल्क जांच व 58 मोतियाबिंद मरीजों को निशुल्क आॅपरेशन के लिए भेजा
राजगढ़। स्व.कृष्णा शर्मा की प्रथम पुण्य तिथि 31 जनवरी को विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर एवं नेवज कृष्णा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन मंगल भवन में किया गया। इस कार्यक्रम को नेवज समग्र विकास समिति एवं नेवज हिन्दी मासिक पत्रिका ने आयोजित किया था। कार्यक्रम के शुभारंभ में मंचासीन सभी अतिथियों ने स्व. कृष्णा शर्मा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की व दीप प्रज्जवलित किया। अतिथियों के रूप में सांसद रोड़मलजी नागर भाजपा जिलाध्यक्ष बद्रीलाल यादव, विधायक नारायण सिंह पंवार, विधायक हजारीलाल दांगी, विधायक अमर सिंह यादव, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, जनपद अध्यक्ष जगदीश दांगी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेष गुप्ता, ब्रह्माकुमारी, मधुदीदी एवं सदगुरू सेवा संग ट्रस्ट आनंदपुर की डाॅक्टर प्रेरणा राजपूत, के रूप में उपस्थित थे ।
इस अवसर पर नेवज कृष्णा सम्मान का भी आयोजन किया गया जिसमें नगर के समाजसेवियों का सम्मान किया गया। जिसमें पं. राधारमण त्रिपाठी, संजीव सक्सेना, राजेश्वरी शर्मा थे। सभी को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। नेवज हिन्दी मासिक पत्रिका के संपादक रघुनन्दन शर्मा ने विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर एवं नेवज कृष्णा सम्मान में पधारे सभी अतिथियों का पुष्प हारों से स्वागत किया ।
सभी उपस्थित अतिथियों ने अपने - अपने विचार व्यक्त करते हुए स्व.कृष्णा शर्मा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यो की सराहना की व उनके जीवन से सीख लेने की प्रेरणा दी। इस विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र व शहरीय क्षेत्र से आए मरीजों ने अपने नेत्र परीक्षण कराकर ट्रस्ट से आए डाॅक्टरों से सलाह ली । इस निशुल्क नेत्र शिविर में 318 मरीजों ने परीक्षण कराया व 58 मोतियांबिंद के मरीजों को आॅपरेशन के लिए चिन्हित कर सदगुरू सेवा संघ ट्रस्ट आनंदनपुर भेजा गया।
कार्यक्रम में प्रदीप गुप्ताने ट्रस्ट की जानकारी दी एवं नेवज समग्र विकास समिति के अध्यक्ष साकेत शर्मा ने सभी अतिथियों का उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम में लायंस क्लब, पेंशनर संघ, कलमकार परिषद, प्रेस क्लब, समस्त अध्यापक संघ, स्टार प्रिंटर्स मित्रमंडल, सर्वब्राह्राण समाज, हिन्दू चेतना मंच, व्यापारी संघ के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आमजन ने भाग लिया । कार्यक्रम की पूर्व संध्या 30 जनवरी को सुठालिया की सुप्रसिद्ध मण्डली द्वारा सुन्दरकाण्ड का संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। (खबरनेशन / Khabarnation)