मध्यप्रदेश को, पोषण अभियान के लिए तीन श्रेणियों में मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

 

 

शिवराज सरकार के कार्यकाल में कुपोषण के लिए चर्चित रहे मध्यप्रदेश को, पोषण अभियान के लिए तीन श्रेणियों में मिला राष्ट्रीय पुरस्कार

   राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना, कुपोषण मिटाने के प्रति कमलनाथ सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक : शोभा ओझा                                                              

खबर नेशन /Khabar Nation 

भोपाल, 

 

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा ने आज जारी अपने बयान में कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत प्रसन्नता और गौरव का विषय है कि पिछले वर्ष तक कुपोषण के लिए देशभर में नंबर वन पर रहे हमारे राज्य को पोषण अभियान 2018-19 में उल्लेखनीय कार्य के लिए भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा आज नई दिल्ली में तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। मध्यप्रदेश ने पोषण अभियान की दो श्रेणियों में देश में पहला तथा एक श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।                                                 आज जारी अपने बयान में  उपरोक्त जानकारी देते हुए  श्रीमती ओझा ने कहा कि नई दिल्ली के होटल अशोक में केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी से यह पुरस्कार, प्रमुख सचिव, महिला बाल विकास श्री अनुपम राजन ने ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय सचिव, महिला बाल विकास श्री रवींद्र पंवार, अतिरिक्त सचिव श्री अजय तिर्की, संयुक्त सचिव श्री सज्जन सिंह यादव तथा मध्यप्रदेश के आयुक्त, महिला बाल विकास श्री एम.बी. ओझा भी उपस्थित थे।             

  श्रीमती ओझा ने आगे बताया कि पोषण अभियान के तहत राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए मध्यप्रदेश को आईसीडीएस कॉमन एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर को उत्कृष्टता से लागू करने के लिए एक करोड़ रुपए का प्रथम पुरस्कार मिला है। इसी प्रकार आंगनवाड़ी केंद्रों में सतत क्षमता विकास अभिसरण समुदाय आधारित गतिविधियों के लिए भी एक करोड़ रुपए का प्रथम पुरस्कार प्रदेश को मिला है। राज्य के 16 जिलों में आईसीटी आरटीएम सिस्टम लागू है, इसके माध्यम से 27817आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सीधे मोबाइल से डाटा भारत सरकार के सर्वर में भेजती हैं और उस डाटा की सीधे ऑनलाइन डिजिटल मॉनिटरिंग की जाती है।       

 *श्रीमती ओझा ने कहा कि केवल यही नहीं प्रदेश ने इसके अतिरिक्त समग्र कार्य में उत्कृष्टता के लिए  दूसरे स्थान पर 75 लाख रुपए का पुरस्कार भी प्राप्त किया है। भारत सरकार द्वारा श्रेष्ठ जिले के रूप में बड़वानी और श्रेष्ठ विकासखंड के रूप में बहोरीबंद, जिला कटनी को पुरस्कृत किया गया है। इसके अतिरिक्त कटनी एवं विदिशा जिले की 10 क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, जैसे आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका, एएनएम ,आशा तथा पर्यवेक्षक को 50-50 हजार रुपए के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।यहां यह भी उल्लेखनीय है कि पोषण अभियान के तहत 5 घटक पर कार्य किया गया, आईसीडीएस कॉमन एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर, इंक्रीमेंटल लर्निंग अप्रोच, सामुदायिक आधारित गतिविधियां, अभिसरण कार्ययोजना और जन आंदोलन।                                                                 *              अपने बयान के अंत में श्रीमती ओझा ने कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत संतुष्टि और गर्व का विषय है कि जो मध्यप्रदेश, देश भर में कुपोषण के लिए कुचर्चित था और जिसके श्योपुर जिले को भारत का इथियोपिया कहा जाने लगा था, उसे आज पोषण अभियान की तीन-तीन श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। निश्चित ही ये पुरस्कार कुपोषण से लड़ने के लिए कांग्रेस पार्टी के द्वारा अपने वचन-पत्र दिये गये वचन के प्रति, उसकी सरकार की प्रतिबद्धता का ठोस प्रमाण हैं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment