केन बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड अंचल की धरती लहलहा उठेगी
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि देश में नदी जोड़ो परियोजना को मार्गदर्शी योजना के क्रियान्वयन का श्रेय मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश को मिलने जा रहा हैं। केन बेतवा लिंक परियोजना का निर्माण कार्य एकल चरण में पूर्ण किया जायेगा। इसके पूरा होने पर मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुन्देलखण्ड अंचल के 6 जिलों की 6 लाख हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई होगी। मध्यप्रदेश के पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ तथा उत्तर प्रदेश के बांदा, महोबा और झांसी जिले लाभान्वित होंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व में जो डीपीआर बनाया गया था लिंक परियेाजना दो चरणों में पूरा होना था। मध्यप्रदेश के आग्रह पर एक ही चरण में परियोजना पूर्ण की जाना हैं। छतरपुर में केन नदी पर बांध बनाया जायेगा। परियोजना पर 26 हजार करोड़ रूपए लागत आयेगी। इस परियोजना का निर्माण व्यय केन्द्र सरकार और राज्य सरकारें 90 और 10 के अनुपात में वहन करेगी। दोनों राज्य सरकारों की सहमति के आधार पर केन्द्रीय जल संसाधन मंत्रालय ने परियोजना के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी हैं। दोनों राज्य सरकारे निर्माण की प्रारंभिक तैयारियों में जुट गयी हैं। तथा इसके निर्माण के लिए भूमिपूजन की तैयारियों के लिए समय का निर्धारण जल्दी ही कर लिया जायेगा। केन नदी का अतिरिक्त पानी बेतवा में पहुंचाकर बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति और बुन्देलखण्ड अंचल में सूखा की स्थिति पर काबू पाया जायेगा। इस परियोजना के सुफल के रूप में बुन्देलखण्ड अंचल में खुशहाली आयेगी और पलायन की प्रवृत्ति से मुक्ति मिलेगी। (खबरनेशन / Khabarnation)