उद्योग मंत्री शुक्ल ने गोकुल महोत्सव के प्रचार-रथ को रवाना किया
भोपाल। उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा में गोकुल महोत्सव के अन्तर्गत अमहिया पशुपालन का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिये प्रचार-रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। दो अप्रैल से 10 मई तक पशु चिकित्सा विभाग द्वारा प्रदेश में गोकुल महोत्सव आयोजित किया जा रहा हैं।
शुक्ल ने बताया कि प्रचार-रथ के माध्यम से पशु पालकों एवं किसानों को फिल्म, जिंगल एवं नवीन गतिविधियों की जानकारी दी जायेगी। उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों से आग्रह किया कि पशुओं को शिविर में लाकर उनका उपचार करायें।
उन्होंने कहा कि कृषकों की आय दोगनी करने के लिए पशुपालन को बढ़ावा दिया जा रहा हैं। देशी एवं उन्नत नस्ल के पशुओं को पालकर भी कृषक अपनी आय दोगनी कर सकते हैं।
मंत्री शुक्ल ने कहा कि गोकुल महोत्सव के दौरान जिले के समस्त ग्रामों में पशु चिकित्सों द्वारा शिविरों में पशुओं का उपचार, बांझपन निवारण, शल्य क्रिया, कृत्रिम गर्भाधान आदि की सुविधा प्रदान की जायेगी। शिविरों के लिये 35 पशु चिकित्सा दल गठित कर स्टॉल फीडिंग, चारा संरक्षण, संतुलित पशु आहार और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। (खबरनेशन / Khabarnation)