रिहा हुए बंदियों को अंत्योदय योजना में मिलेगा रोजगार : राज्य मंत्री सारंग
भोपाल। सहकारिता राज्य मंत्री विश्वास सारंग ने कहा हैं कि जेल से रिहा होने वाले अच्छे चरित्र और रोजगार के इच्छुक बंदियों को सहकारिता विभाग की अंत्योदय योजना में सहकारी समितियों के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन से ऐसे बंदियों की सूची प्राप्त कर इनकी समितियाँ गठित करवाई जा रही हैं। अंत्योदय योजना के तहत यह नवाचारी पहल की गई हैं। सारंग भोपाल की केन्द्रीय जेल में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षण के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
सारंग ने कहा कि व्यक्ति सजा पूरी करने के बाद वापस समाज की मुख्य धारा से जुड़ सके, उसके लिये रोजगार का संकट उत्पन्न न हो। इसके लिये ही सहकारिता विभाग ने अंत्योदय योजना में समितियों के माध्यम से रिहा हुए बंदियों को रोजगार उपलब्ध करवाने की पहल की हैं। समितियों के लिये बैंकों से पूँजी की व्यवस्था की गई हैं।
राज्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए जीना ही जीवन की सार्थकता हैं। उन्होंने कहा कि बंदी समाज की मुख्य धारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने का संकल्प लें। निजी स्वार्थों को छोड़कर दूसरों के हितों और इच्छाओं का सम्मान करें।
केन्द्रीय जेल में आयोजित प्रिजन स्मार्ट पार्ट-2 प्रशिक्षण में डीआईजी (आईटीवीपी) एवं आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षण के प्रभारी राज किशोर, मुख्य प्रशिक्षक अजय वलेचा, जेल उप अधीक्षक पी.डी. श्रीवास्तव ने आर्ट ऑफ लिविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन के संबंध में जानकारी दी। प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम में बंदियों ने अपने अनुभव भी साझा किये। (खबरनेशन / Khabarnation)