श्रमिक कल्याण के अभियान में मोर्चें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे
मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण 31 मार्च की शाम को होगा
बाबा साहब अंबेडकर महाकुंभ में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे कार्यकर्ता
भोपाल। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा तथा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की अलग-अलग बैठकें आज संपन्न हुईं। इन बैठकों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारों द्वारा अनुसूचित जाति और जनजाति वर्गों के हित में किये गये कार्यों की विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की गई कि वह अपनी संपूर्ण ऊर्जा लगाकर समाज के बीच सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करें और समाज को लाभ दिलाएं। बैठकों में आगामी कार्यक्रमों की योजना बनाई गई। इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री
सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री अतुल राय, मनोहर ऊंटवाल, सत्यनारायण जटिया, दोनों मोर्चों के अध्यक्ष क्रमश: सूरज कैरो, गजेन्द्र पटेल, मंत्री लालसिंह आर्य, डॉ. गौरीशंकर शेजवार, रंजना बघेल, विजय शाह, अंतरसिंह आर्य सहित वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के संपूर्ण कल्याण हेतु एक अप्रैल से व्यापक पंजीयन अभियान चलाया जायेगा। अपने प्रकार की इस अनूठी और कल्याणकारी योजना के पंजीयन से ठीक पहले 31 मार्च को सायंकाल 7 बजे मुख्यमंत्री रेडियों और टी.वी. के माध्यम से प्रदेश भर के श्रमिकों को संबोधित करेंगे। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति और जनजाति मोर्चा 7 से 13 अप्रैल के बीच श्रमिकों का पंजीयन अभियान चलाएगा और बस्ती-बस्ती में जाकर अभियान के अंतिम दिन अर्थात 13 अप्रैल को सायंकाल 7 बजे बस्तियों में बाबा साहब अंबेडकर का चित्र लगाकर दीप प्रज्जवलित करेगा। यही पर उपस्थित समुदाय को योजना की विस्तृत जानकारी दी जायेगी तथा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम दिल से का प्रसारण भी 13 अप्रैल की सायंकाल 7 बजे होगा। दिल से कार्यक्रम इस बार बाबा साहब अंबेडकर और उनके सपनों को पूरा करने में मध्यप्रदेश सरकार की भूमिका पर आधारित होगा।
14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब अंबेडकर की जयंती पर महू में आयोजित होने वाले अंबेडकर कुंभ में भागीदारी पर भी व्यापक विचार विमर्श हुआ। अधिक से अधिक लोग इस कुंभ में पहुंच कर बाबा साहब को नमन कर सके इसके लिए मोर्चें और समूची भारतीय जनता पार्टी इसके लिए प्रयास करेगी। जयंती से 3 दिन तक भाजपा के सभी मंडलों में 14, 15 और 16 को हितग्राही सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। इसके बाद भोपाल में एक बड़े बस्ती प्रमुखों के सम्मेलन की योजना भी बनाई जा रही हैं। अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के 10वीं और 12वीं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले बच्चों के सम्मान समारोह भी आयोजित किये जायेंगे। यह सम्मान समारोह और प्रवेशोत्सव 1 से 15 अप्रैल के बीच मनाये जाने की योजना हैं।
इस अवसर पर संगठन महामंत्री सुहास भगत ने कहा कि सरकार ने अपने स्तर पर अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी हैं और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में निरंतर समाज के कल्याण की नवीन और संवेदनशील योजनाएं बनाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास एवं उज्जवला योजना जैसे ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री के प्रयासों का प्रतिफल हैं। बीते 13 वर्षों में मध्यप्रदेश का पूरा नक्शा बदल गया हैं। हमारे कार्यकर्ता को किसी प्रश्न से घबराने की आवश्यकता नहीं हैं, क्योंकि हम सत्य के मार्ग पर चलकर समाज के कल्याण का एजेंडा पूरा करने में जुटे हुए हैं, इसलिए सोशल मीडिया आदि पर भी हमें अपने समाज और देश के हित में जो कुछ भी कर सकते हैं, वह करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 5 मई को प्रदेश की 23 हजार ग्राम पंचायतों तक भाजपा कार्यक्रर्ताओं का सम्मेलन होगा इस सम्मेलन में सभी मोर्चाें को अपनी भूमिका निभानी हैं। इस आयोजन में केंद्र से और दूसरे राज्यों से भी वरिष्ठ नेतागण मध्यप्रदेश में आकर पंचायत-पंचायत पर शामिल होंगे।
(खबरनेशन / Khabarnation)