मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से सभी वर्गों के किसानों को मिली राहत
भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना लागू होने से सभी वर्गों के किसान राहत महसूस कर रहे हैं इस योजना में राज्य सरकार द्वारा रबी मार्केटिंग सीजन वर्ष 2017-18 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने वाले और खरीफ मार्केटिंग सीजन 2017-18 में धान बेचने वाले किसानों को प्रति क्विंटल 200 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई हैं। प्रदेश के किसान अब अगली फसल की तैयारी में जुट गये हैं।
बड़वानी जिले में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में 2425 किसानों को 200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि मिली हैं। जिले में नर्मदा किनारे खेती कर रहे किसानों
को भी फायदा पहुँचा हैं। जिले में किसानों को करीब सवा तीन करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई हैं। तलवाड़ा डेम क्षेत्र के किसान रामेश्वर देवराम को एक लाख 18 हजार रुपये, ग्राम आंवली के रघुवीर सिंह सोलंकी को 90 हजार 900 रुपये, ग्राम पिपलाज के किसान दिनेश पाटीदार को 86 हजार रुपये और ग्राम लखनगाँव के दिनेश यादव को 63 हजार 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि बैंक खाते में मिली हैं।
रीवा जिले के किसान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में मिले अप्रत्याशित लाभ से बहुत खुश हैं। ग्राम भोलगढ़ के किसान अरुणेन्द्र चतुर्वेदी के परिवार की आजीविका का साधन केवल खेती हैं। कुछ वर्षों पूर्व अरूणेन्द्र की एक दुघर्टना में बायाँ पैर गँवाना पड़ा। इस परिस्थिति में भी 7 एकड़ जमीन में गेहूँ, चना तथा धान की खेती की। उन्होंने पिछले वर्ष 40 क्विंटल गेहूँ और इस वर्ष 36 क्विंटल धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचा हैं। इनके खाते में 16 अप्रैल को प्रोत्साहन राशि जमा करवाई गई हैं। अरूणेन्द्र बताते हैं कि पिछले वर्ष बेची फसल के लिये इस वर्ष प्रोत्साहन राशि दिया जाना बहुत बड़ी बात हैं।
रायसेन जिले के ग्राम डाबरा इमलिया के किसान मनोज शर्मा ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को किसानों के लिये राज्य सरकार की क्रांतिकारी पहल बताया
हैं। मनोज ने पिछले रबी सीजन में 220 क्विंटल गेहूँ समर्थन मूल्य पर बेचा था। उनके खाते में प्रोत्साहन राशि के रूप में 44 हजार 370 रुपये जमा करवाये गये हैं। जिले में 45 हजार 995 किसानों के बैंक खातों में करीब 76 करोड़ 28 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि जमा करवाई गई हैं। इसी प्रकार, जिले में धान बेचने वाले 1103 किसानों के बैंक खातों में करीब 84 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि जमा करवाई गई हैं।
झाबुआ जिले के ग्राम करडावद के किसान निलेश प्रोत्साहन राशि मिलने से राहत महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना में इनके बैंक खाते में 27 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि पहुँची हैं। वे इस राशि को कृषि कार्य में ही खर्च कर रहे हैं। जिले में 4 लाख 444 किसानों के बैंक खाते में 5 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि जमा करवाई गई हैं।
प्रदेश में 10 लाख 21 हजार किसानों के बैंक खातों में 1677 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि 16 अप्रैल 2018 को राज्य सरकार ने जमा करवाई हैं। इसमें पिछले वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ बेचने वाले 7 लाख 39 हजार किसानों के बैंक खातों में 1345 करोड़ रुपये और खरीफ मार्केटिंग सीजन वर्ष 2017-18 में न्यूनतम मूल्य पर धान बेचने वाले 2 लाख 82 हजार किसानों के बैंक खातों में 332 करोड़ की राशि प्रोत्साहन स्वरूप जमा करवाई गई हैं।
(खबरनेशन / Khabarnation)